Exclusive: शासन का जनसुनवाई पोर्टल चार दिनों से ठप

शासन का जनसुनवाई पोर्टल चार दिनों से ठप

– लोगों को नहीं मिल रहा अपनी शिकायतों का फीडबैक….

सहारनपुर। उत्तरप्रदेश शासन के जन सुनवाई पोर्टल के लगातार चार दिन से निष्क्रिय होने के कारण लोग अपनी शिकायतें दर्ज नहीं करा पा रहे हैं। जिस कारण जनता को खासा परेशानी झेलनी पड़ रही है। शिकायत कर्ता उनके द्वारा की गई शिकायतों का फीडबैक लेने के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। पश्चिम आंचल निर्माण संगठन के राष्ट्रीय विशेष सचिव स्वतंत्र प्रभार वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि, उत्तर प्रदेश शासन जनसुनवाई पोर्टल के ऐप पर वह शिकायतों का अपडेट नहीं ले पा रहे हैं।

 

 

उन्होंने यह भी कहा कि, पोर्टल पर न तो निस्तारण की स्थिति दिख रही है, ना ही अफसर पोर्टल पर प्रगति अपलोड कर पा रहे हैं। प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर आमजन सीधे ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराता है। परंतु अब पोर्टल पर शिकायत की स्थिति तथा फीडबैक देने का विकल्प भी है। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज होने वाली शिकायतों को भी विभागवार इसी पोर्टल पर अपलोड किया जाता है।

 

 

बताते चलें कि, संबंधित जांच अधिकारी निस्तारण आख्या भी सीधे पोर्टल पर अपलोड करते हैं। जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत व उसका हुआ समाधान किसी जन सेवा केंद्र या फिर घर बैठे अपने मोबाइल पर देख सकता था। अब 4 दिन से पोर्टल के निष्क्रिय होने से शिकायतकर्ता अपनी शिकायतों का फीडबैक लेने के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं, सरकार को इसे तुरंत अपडेट कर चालू करना चाहिए।