क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में कानून, व्यवस्था और प्रशासन से जुड़ी बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें…

उत्तराखंड में कानून, व्यवस्था और प्रशासन से जुड़ी बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें…

देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए विवाद में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य खुद गिरफ्तारी की मांग लेकर थाने पहुंच गए।

वहीं, मानकों की अनदेखी और बिना मान्यता संचालित हो रहे 14 मदरसों ने नोटिस जारी होने के एक सप्ताह बाद भी जवाब नहीं दिया है। दूसरी ओर, हरिद्वार नगर निगम पूरे शहरी क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है।

इसके अलावा ऋषिकेश में सड़क धंसने से भारी जाम लगा, रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई और देहरादून में पॉक्सो के एक मामले में हॉस्टल वार्डन को पांच साल की सजा सुनाई गई।

उपभोक्ता आयोग ने स्वास्थ्य बीमा क्लेम खारिज करने पर स्टार हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को भी उपभोक्ता के पक्ष में भुगतान का आदेश दिया है।

अंकिता केस: गिरफ्तारी की मांग लेकर थाने पहुंचे विनोद आर्य, नार्को टेस्ट कराने की पेशकश

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए विवाद में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य गुरुवार को देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे।

उन्होंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने खुद का नार्को टेस्ट कराने की पेशकश करते हुए अंकिता के माता-पिता समेत मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।

दरअसल, 25 नवंबर को अंकिता भंडारी के माता-पिता ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की थी। उन्होंने विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की गई है। इस मामले में राजपुर थाने में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए हरिद्वार नगर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया।

विनोद आर्य ने थाने पहुंचकर कहा कि उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वह खुद पुलिस के सामने अपना पक्ष रखने आए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

14 मदरसों ने एक सप्ताह बाद भी नहीं दिया नोटिस का जवाब

उत्तराखंड में मानकों की अनदेखी और बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित करने वाले 14 मदरसों पर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की सख्ती का फिलहाल कोई असर नजर नहीं आ रहा है।

प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी किए जाने के एक सप्ताह बाद भी किसी मदरसे ने अपना जवाब दाखिल नहीं किया है। इनमें अधिकतर मदरसे हरिद्वार जिले के बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान कई संस्थानों में बच्चों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था नहीं मिली थी। कुछ मदरसे राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की मान्यता के बिना ही धार्मिक शिक्षा संचालित कर रहे थे। कुछ स्थानों पर मस्जिदों में भी बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने एक जुलाई 2026 से मदरसा बोर्ड को समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत विद्यालयी शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के लिए राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेना अनिवार्य किया गया है।

नियमों के पालन को लेकर प्राधिकरण ने निरीक्षण के दौरान कई खामियां पकड़ी थीं। इसके बाद संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए गए। विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण पराग मधुकर धकाते के मुताबिक बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित करने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार में पूरे नगर निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर लगेगी रोक

धर्मनगरी हरिद्वार में अब नगर निगम के पूरे क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद तैयार की गई मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि-2026 को प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है।

निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके प्रावधान पूरे नगर निगम क्षेत्र में लागू हो जाएंगे। इसके दायरे में ज्वालापुर के वे क्षेत्र भी आ जाएंगे, जहां फिलहाल मांस की दुकानों का संचालन हो रहा है।

प्रस्तावित उपविधि के तहत कच्चे मांस की बिक्री, उसका भंडारण और बिक्री के लिए प्रदर्शन प्रतिबंधित होगा। ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी।

नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार 50 हजार रुपये और दूसरी बार एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। गंभीर मामलों में प्रतिष्ठान सील करने और अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।

सराय में तैयार की गईं 68 दुकानें

मांस कारोबारियों के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार की है। निगम की भूमि पर सराय गांव के पास 68 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम पूरा होने के बाद आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है।

अप्रैल में नगर निगम बोर्ड ने शहर में संचालित कच्चे मांस की दुकानों को सराय में स्थानांतरित करने की मंजूरी दी थी। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार के मुताबिक उपविधि के प्रकाशन और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रतिबंध पूरे नगर निगम क्षेत्र में प्रभावी हो जाएगा।

ऋषिकेश में सड़क धंसी, ईंटों से भरा ट्रक फंसा; घंटों लगा जाम

ऋषिकेश के मनसा देवी रेलवे फाटक के पास सड़क धंसने से ईंटों से भरा एक ट्रक बीच सड़क पर फंस गया। इसके चलते इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। यहां लगातार पानी बहने के कारण सड़क कमजोर हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बना हुआ है।

हैरानी की बात यह है कि सड़क की मरम्मत पहले भी कई बार कराई जा चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर खराब हो जाती है।

भारी ट्रक के फंसने से एक बार फिर सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत

रामनगर के मालधन चौकी क्षेत्र स्थित तुमड़िया डैम प्रथम में सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय प्रेम सिंह की मौत हो गई। वह साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार प्रेम सिंह गुरुवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच घर के पास डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर साइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर चालक की तलाश शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पीरूमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट के मुताबिक मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रेम सिंह की पत्नी का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में उनका एक दिव्यांग बेटा रहता था, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

देहरादून: नौ साल के बच्चे से अश्लील हरकत और मारपीट, वार्डन को पांच साल की सजा

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में कोरोना महामारी के दौरान स्कूल हॉस्टल में रह रहे नौ साल के बच्चे के साथ अश्लील हरकत, मारपीट और धमकी देने के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने हॉस्टल वार्डन को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

वहीं, मारपीट में शामिल हॉस्टल के रसोइये को एक हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है। अदालत ने पीड़ित बच्चे को एक लाख रुपये प्रतिकर देने के भी आदेश दिए हैं।

मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीएससी (पॉक्सो) मंजू सिंह मुंडे की अदालत में हुई। अभियोजन के अनुसार कोरोना संक्रमण के दौरान स्कूल के अधिकतर बच्चे अपने घर चले गए थे, लेकिन नौ साल का बच्चा हॉस्टल में ही रह गया था।

आरोप था कि इसी दौरान वार्डन ने उसके साथ अश्लील हरकत की और किसी को बताने पर उसे बेचने की धमकी दी। बच्चे से हॉस्टल में झाड़ू-पोछा भी कराया जाता था। वहीं, रसोइया उसके साथ मारपीट करता था।

छह जून 2020 को बच्चा अपनी मां के पास पहुंचा और हॉस्टल में हुई घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मां ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की। मेडिकल रिपोर्ट में बच्चे के दाएं कंधे और छाती पर सूजन व लालिमा की पुष्टि हुई थी।

बचाव पक्ष ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने और प्रत्यक्षदर्शी न होने की दलील दी, लेकिन अदालत ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों को महत्वपूर्ण माना।

अदालत ने वार्डन को आईपीसी की धारा 323 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 9एफ/10 के तहत दोषी ठहराया। उसे पॉक्सो अधिनियम के तहत पांच साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। रसोइये को आईपीसी की धारा 323 के तहत एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।

स्वास्थ्य बीमा क्लेम खारिज करना कंपनी को पड़ा भारी, उपभोक्ता आयोग ने 1.69 लाख रुपये से अधिक देने के दिए आदेश

स्वास्थ्य बीमा के नाम पर प्रीमियम लेने के बावजूद उपचार खर्च के दो क्लेम खारिज करना स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी को भारी पड़ गया।

जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कंपनी को उपभोक्ता के उपचार खर्च के 1,44,251 रुपये छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ देने का आदेश दिया है। इसके अलावा सेवा में कमी के लिए 20 हजार रुपये और वाद व्यय के पांच हजार रुपये भी देने होंगे।

मामला ऋषिकेश निवासी आशु अरोड़ा का है, जिन्होंने नौ दिसंबर 2017 को कंपनी से पांच लाख रुपये के बीमा कवर वाली फैमिली हेल्थ ऑप्टिमा इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। इसके लिए उन्होंने 13,057 रुपये प्रीमियम जमा किया था।

परिवाद के अनुसार 10 अप्रैल 2018 को बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौटते समय भारत मंदिर के पास उनका पैर मुड़ गया और वह गिर पड़े। इससे उनके दाहिने घुटने में चोट आई।

इसके बाद उन्होंने विभिन्न अस्पतालों में जांच और उपचार कराया। वह 16 से 28 अप्रैल तक हिमालयन अस्पताल में भर्ती रहे और 17 मई को दोबारा भर्ती हुए।

उपचार के लिए उन्होंने 89,559 रुपये और 54,692 रुपये के दो क्लेम प्रस्तुत किए, लेकिन बीमा कंपनी ने दोनों दावों को पहले के दावे से संबंधित बताते हुए भुगतान करने से इनकार कर दिया। कंपनी ने पॉलिसी की शर्तों और पहले से मौजूद बीमारी से संबंधित प्रावधानों का हवाला दिया।

मामला जिला उपभोक्ता आयोग पहुंचने पर आयोग ने मेडिकल दस्तावेजों, अस्पताल के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों की दलीलों का परीक्षण किया।

आयोग ने पाया कि बीमा कंपनी यह साबित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी कि घुटने की चोट पहले से मौजूद बीमारी से संबंधित थी। ऐसे में क्लेम खारिज करने का उसका आधार पर्याप्त नहीं था।

आयोग के अध्यक्ष पुष्पेंद्र खरे और सदस्य अलका नेगी की पीठ ने 21 नवंबर 2026 को परिवाद आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए कंपनी को 45 दिनों के भीतर 1,44,251 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया।

इस राशि पर सात दिसंबर 2018 से वास्तविक भुगतान तक छह प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देना होगा। इसके साथ ही 20 हजार रुपये सेवा में कमी और पांच हजार रुपये वाद व्यय के भी देने होंगे।