उत्तराखंड में चुनावी रण तेज! बीजेपी को सत्ता की हैट्रिक का भरोसा, कांग्रेस को वापसी की उम्मीद
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल भले ही अभी न बजा हो, लेकिन प्रदेश की सियासत में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
सत्ता में तीसरी बार वापसी के लिए बीजेपी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति तैयार की है, तो कांग्रेस जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश में सर्वे और रायशुमारी के जरिए अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी है।
इसी बीच कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कुमाऊं दौरे पर धामी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
वहीं, विधायक हरीश धामी के विवादित बयान पर सफाई देने और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की हाईकमान से मुलाकात के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी चर्चा के केंद्र में है। दूसरी ओर, पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है।
बीजेपी का बूथ मैनेजमेंट, 65 पार का लक्ष्य
बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का मुख्य फोकस ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ रणनीति पर है। इसके तहत प्रदेश के 12,543 से अधिक बूथों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने की तैयारी है।
महिला मोर्चा बूथ स्तर पर ड्राइंग रूम मीटिंग और संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगा, जबकि युवा मोर्चा 3,032 शक्ति केंद्रों पर कॉर्नर मीटिंग, बाइक रैलियों और युवा सम्मेलनों के जरिए युवाओं तक पहुंचेगा।
बीजेपी ने किसान मोर्चा को प्रदेश के 304 मंडलों में किसान चौपाल लगाने की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों के जरिए अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।
पार्टी का लक्ष्य 2027 में 70 विधानसभा सीटों में से 65 से अधिक सीटें जीतना है। इसके लिए पिछले चुनाव में हारी 23 सीटों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
इतना ही नहीं, विधायकों के कामकाज, बूथ स्तर के फीडबैक और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता को भी टिकट वितरण का आधार बनाया जा सकता है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन सदस्यीय कमेटी के जरिए दावेदारों की स्थिति का आकलन करने की तैयारी है।
कांग्रेस का सर्वे फॉर्मूला, जिताऊ चेहरों की तलाश
दूसरी ओर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों में उम्मीदवारों के चयन को प्राथमिकता दी है। पार्टी राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर अलग-अलग सर्वे कराकर टिकट के दावेदारों की जनस्वीकार्यता और जीत की संभावनाओं का आकलन कर रही है। दोनों सर्वे रिपोर्टों के मिलान के बाद टिकट वितरण पर फैसला लिया जाएगा।
कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस बार टिकट केवल सिफारिश या दबाव के आधार पर नहीं मिलेगा।
पार्टी उन चेहरों पर दांव लगाना चाहती है, जिनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ हो। लगातार दो से तीन चुनाव हार चुके उम्मीदवारों की जगह नए चेहरों को मौका देने पर भी मंथन चल रहा है।
पलायन, बेरोजगारी, पहाड़ी क्षेत्रों का विकास और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसके अलावा नवंबर-दिसंबर में राष्ट्रीय नेताओं की नौ बड़ी जनसभाएं आयोजित करने का रोडमैप भी तैयार किया गया है।
बेरीनाग में सैलजा का धामी सरकार पर हमला, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल
कांग्रेस की चुनावी सक्रियता के बीच प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कुमाऊं दौरे के दौरान बेरीनाग में धामी सरकार पर तीखा हमला बोला।
कार्यकर्ताओं ने छोलिया नृत्य के साथ सैलजा का स्वागत किया। इसके बाद नगर में रैली निकालकर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद किया।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि धामी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और जनता सरकार से परेशान है।
उन्होंने महिला अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, जमीनों की खरीद-फरोख्त और धार्मिक स्थलों में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मुद्दों को उठाया। अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मामले में न्याय को लेकर आज भी जनता के मन में सवाल हैं।
उन्होंने जौलजीबी प्रकरण को लेकर भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधा और विधायक हरीश धामी की आवाज दबाने तथा मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग में 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी तथा प्रदेश की जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर भी सरकार को घेरा।
नरबलि वाले बयान पर हरीश धामी का यू-टर्न, सैलजा के सामने दी सफाई
कांग्रेस के कुमाऊं दौरे के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी का विवादित बयान भी चर्चा में रहा। जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने हुए विवाद के बाद विधायक ने मंच से नाराजगी जताई थी। इस दौरान उनका माइक फेंकने का वीडियो भी सामने आया था।
इसके बाद एक अन्य वीडियो में हरीश धामी ने खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताते हुए नरबलि करने तक की बात कही थी। बीजेपी ने इस बयान को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा था।
अब प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में हरीश धामी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए इसे जुबान फिसलने का मामला बताया। उन्होंने कहा कि आखिर वह भी इंसान हैं और बोलते समय कभी-कभी जुबान फिसल जाती है।
विधायक ने अपने बयान के पीछे जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम और क्षेत्र की जनता के सम्मान से जुड़ी नाराजगी को वजह बताया।
पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने खोला मोर्चा
उधर, मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस लाठीचार्ज के बाद प्रदेश की राजनीति में एक और मुद्दा गरमा गया है। कांग्रेस ने जवानों पर हुए लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
ये जवान कानून व्यवस्था, यातायात और आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है।
गोदियाल ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और घायल जवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि कर्मचारियों और आंदोलनकारियों की आवाज दबाने की कोशिश का विरोध किया जाएगा।
हरीश रावत को हाईकमान से मिली नई ऊर्जा, धन्यवाद जनसंवाद यात्रा पर भी रखी बात
कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के लिहाज से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लंबे समय से उनकी ‘धन्यवाद जनसंवाद यात्रा’ को लेकर प्रदेश संगठन और प्रभारी के बीच असहजता की खबरें सामने आ रही थीं। कुमारी सैलजा ने उन्हें यात्रा रोकने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद हरीश रावत ने इसे स्थगित कर दिया था।
अब दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर करीब 650 शब्दों की पोस्ट लिखकर अपनी बातचीत का ब्यौरा साझा किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने 80 वर्ष की उम्र के करीब पहुंचने के बावजूद उन्हें उत्तराखंड और देश में पार्टी के लिए उपयोगी माना है। उन्होंने इसे अपने लिए बूस्टर डोज बताते हुए नई ऊर्जा और स्फूर्ति महसूस करने की बात कही।
हरीश रावत ने हाईकमान को बताया कि बीमारी से उबरने के बाद सड़क मार्ग से देहरादून लौटते समय जगह-जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इसी क्रम में उन्होंने लोगों का आभार जताने के लिए धन्यवाद जनसंवाद यात्रा शुरू की थी।
उनका मानना था कि इस यात्रा से पार्टी को भी फायदा मिल रहा था। हालांकि, प्रदेश प्रभारी के निर्देश पर उन्होंने आगे की यात्रा स्थगित कर दी।
उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी संकेत दिया कि अब पार्टी के लिए उनकी सक्रियता जारी रहेगी। 24 नवंबर को अपने गांव मोहनरी जाने, वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शामिल होने और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की ओर से आयोजित रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम भी साझा किया। इससे पहले वह बागेश्वर जाकर कुमारी सैलजा का स्वागत करेंगे।
2027 से पहले कांग्रेस की एकजुटता और बीजेपी की रणनीति का इम्तिहान
उत्तराखंड की सियासत में 2027 का चुनावी मुकाबला अभी से दिलचस्प होता नजर आ रहा है। बीजेपी जहां बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, महिला और युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा 65 पार के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है, वहीं कांग्रेस सर्वे के जरिए जिताऊ चेहरों की तलाश और सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को धार देने में जुटी है।
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन के भीतर एकजुटता बनाए रखने की भी है। कुमारी सैलजा के दौरे, हरीश धामी के विवादित बयान और हरीश रावत की हाईकमान से मुलाकात ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति को भी सुर्खियों में ला दिया है।
वहीं पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने के अवसर के रूप में देख रही है।
ऐसे में बीजेपी के लिए अपनी सत्ता की हैट्रिक बचाना चुनौती होगी, तो कांग्रेस के सामने सत्ता में वापसी के साथ संगठनात्मक एकजुटता साबित करने की जिम्मेदारी होगी।
अब देखना होगा कि 2027 के चुनावी रण में बीजेपी का बूथ मैनेजमेंट भारी पड़ता है या कांग्रेस का सर्वे फॉर्मूला और सरकार विरोधी मुद्दे चुनावी समीकरण बदलने में कामयाब होते हैं।



