राजनीति: सैलजा की चुनावी घेराबंदी, अंकिता के मुद्दे पर सड़क पर कांग्रेस! हरिद्वार में पुलिस से भिड़ीं महिला कार्यकर्ता

सैलजा की चुनावी घेराबंदी, अंकिता के मुद्दे पर सड़क पर कांग्रेस! हरिद्वार में पुलिस से भिड़ीं महिला कार्यकर्ता

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रही हैं।

कुमाऊं से लेकर गढ़वाल और देहरादून तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।

चुनावी तैयारियों को धार देंगी कुमारी सैलजा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगी। साथ ही भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लेंगी।

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह के अनुसार, सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर 2 बजे पिथौरागढ़ में हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगी।

19 नवंबर को दोपहर 12 बजे बेरीनाग में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में संगठनात्मक मजबूती को लेकर मंथन किया जाएगा।

21 नवंबर को सुबह 11 बजे थराली में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। वहीं, 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

कुमाऊं मंडल के दौरे में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी थराली से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके अलावा प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा 15 से 20 नवंबर तक रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। 21 नवंबर को वह थराली में प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

अंकिता प्रकरण में विनोद आर्या के घर पहुंची महिला कांग्रेस

दूसरी ओर, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास की ओर कूच किया।

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विनोद आर्या के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। जैसे ही महिला कांग्रेस कार्यकर्ता आवास की ओर बढ़ीं, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब धक्का-मुक्की के दौरान ज्योति रौतेला समेत कुछ महिला कार्यकर्ता सड़क पर गिर गईं।

पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गईं और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

विनोद आर्या की गिरफ्तारी की मांग

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने विनोद आर्या पर अंकिता भंडारी की निजता भंग करने और उनका चरित्र हनन करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि अंकिता के साथ दुर्व्यवहार और उसकी हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए पुलकित आर्या के पिता अब सार्वजनिक रूप से चैट जारी कर मामले को अलग दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।

ज्योति रौतेला ने कहा कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में निजी चैट सार्वजनिक करना और एक पीड़िता की निजता को प्रभावित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने विनोद आर्या की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस प्रेस क्लब हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखेगी।

गौरतलब है कि रविवार को विनोद आर्या मीडिया के सामने आए थे और उन्होंने अंकिता भंडारी से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं।

इसके बाद से ही राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से इस कदम पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पहाड़ी महासभा ने भी इस संबंध में नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

चुनावी रणनीति और अंकिता प्रकरण से गरमाया सियासी माहौल

एक तरफ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा का दौरा पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक रूप से तैयार करने की कवायद माना जा रहा है, तो दूसरी तरफ अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर महिला कांग्रेस के प्रदर्शन ने प्रदेश की सियासत को फिर गरमा दिया है। आने वाले दिनों में कांग्रेस इन दोनों मोर्चों पर अपनी सक्रियता और बढ़ा सकती है।