Accident: खून से सड़कें लाल! बस-जीप हादसों में 13 की मौत, हल्द्वानी में बाइक सवार की गई जान। मोहब्बेवाला में स्पीड पर लगेगा ब्रेक

खून से सड़कें लाल! बस-जीप हादसों में 13 की मौत, हल्द्वानी में बाइक सवार की गई जान। मोहब्बेवाला में स्पीड पर लगेगा ब्रेक

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन लगातार लोगों की जिंदगी लील रहे हैं।

मंगलवार सुबह प्रदेश को दो बड़े सड़क हादसों ने झकझोर कर रख दिया। टिहरी गढ़वाल के गूलर में यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी, जबकि रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में शादी समारोह से लौट रही बारातियों की मैक्स गहरी खाई में समा गई।

दोनों हादसों में कुल 13 लोगों की मौत और 31 लोगों के घायल होने की सूचना है। उधर हल्द्वानी में गोला बाईपास पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।

लगातार हो रहे हादसों के बीच देहरादून के डाटकाली-मोहब्बेवाला मार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने भी नए सुरक्षा उपायों की तैयारी शुरू कर दी है।

टिहरी में बस हादसा: 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी यात्री बस, 9 की मौत

पहला बड़ा हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के गूलर के पास हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में कुल 34 लोग सवार बताए गए हैं।

हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया।

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, बस सुबह करीब सवा तीन बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी और करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

घायलों में 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश और 7 को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे में तीन साल की बच्ची भी घायल हुई है।

रुद्रप्रयाग में बारातियों की मैक्स खाई में गिरी, 4 की मौत

दूसरा दर्दनाक हादसा रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में कंडारा सड़क पर सोमवार रात करीब नौ बजे हुआ। पोखरी में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बारातियों का मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में मुश्किलें आईं, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद रांसी-गोंडार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

राष्ट्रपति, पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख

टिहरी के गूलर में हुए बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है।

राष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति शोक संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हल्द्वानी में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

पहाड़ में दो बड़े हादसों के बीच हल्द्वानी में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे गोला बाईपास पर इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बाइक संख्या UK06 BK 0927 का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म (ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। हादसे में उनका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सूचना पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया।

हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर एक दिन पहले भी दुर्घटना हुई थी। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मोहब्बेवाला में हादसे रोकने की तैयारी, 500 मीटर में लगेंगे जिगजैग बैरियर

लगातार सड़क हादसों के बीच देहरादून के डाटकाली से मोहब्बेवाला मार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने नई योजना तैयार की है। परिवहन विभाग, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और पुलिस अधिकारियों की बैठक में आशारोड़ी से मोहब्बेवाला-चंद्रबनी चौक तक करीब 500 मीटर के हिस्से में जिगजैग बैरियर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।

इसके साथ ही पूरे मार्ग पर 25 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की एकसमान गति सीमा लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

अधिकारियों का मानना है कि अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग स्पीड लिमिट होने से वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनती है। एकसमान गति सीमा से ओवरस्पीडिंग और खतरनाक ओवरटेकिंग पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

बैठक में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भारी और मल्टी-एक्सल वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव है कि सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक इन वाहनों को नियंत्रित तरीके से रुक-रुककर आगे बढ़ाया जाए, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में भारी वाहन सड़क पर न पहुंचें।

आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला के अनुसार, डाटकाली से आशारोड़ी के बीच पहले चरण में जिगजैग बैरियर लगाए गए थे, जिसके बाद दुर्घटनाओं में कुछ कमी देखी गई है। इसी के आधार पर अब आशारोड़ी से मोहब्बेवाला-चंद्रबनी चौक तक भी बैरियर लगाने की योजना बनाई गई है।

सवाल वही है कि आखिर उत्तराखंड की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ती रफ्तार पर कब प्रभावी नियंत्रण लगेगा? पहाड़ों में गहरी खाइयां और मैदानों में तेज रफ्तार वाहन लगातार लोगों की जान ले रहे हैं।

हादसों के बाद राहत-बचाव और मुआवजे की व्यवस्था तो होती है, लेकिन स्थायी सड़क सुरक्षा उपायों की जरूरत अब पहले से कहीं ज्यादा महसूस होने लगी है।