कहीं गोलियों की गूंज तो कहीं रिश्तों का कत्ल। अपराध की कई बड़ी खबरें एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून में बंद मकानों की रेकी कर चोरी और नकबजनी की फिराक में पहुंचे दो शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए।
दोनों के खिलाफ कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, बागेश्वर के गरुड़ में भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर चाचा-चाची की हत्या कर दी। रामनगर में मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जबकि हरिद्वार में पिता पर नाबालिग बेटी से अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है।
इसके अलावा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव से मारपीट, हरकी पैड़ी पर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच विवाद, विकासनगर में युवती के यौन शोषण और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पारिवारिक विवाद की जांच ने भी सुर्खियां बटोरी हैं।
वहीं, सितारगंज में सड़क हादसे में मां और बेटी की मौत तथा हरिद्वार में गंगा के टापू पर फंसे 35 श्रद्धालुओं के रेस्क्यू ने प्रदेश में सुरक्षा और सतर्कता से जुड़े सवाल खड़े किए हैं।
देहरादून में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों पर 24 मुकदमे
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में नयागांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपितों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी।
घायल बदमाशों की पहचान हरिद्वार निवासी 35 वर्षीय समीम और 40 वर्षीय शहजाद के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, समीम के खिलाफ 15 और शहजाद के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के नाम सात मुकदमों में एक साथ सामने आए हैं। इस तरह उनके खिलाफ कुल 17 अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से दो 315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने और चोरी का सामान हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस अब चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।
बागेश्वर में भतीजे ने चाचा-चाची की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या की
बागेश्वर की गरुड़ तहसील के नरगोड़ी गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई।
घटना के दौरान एक महिला ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर घायलों को सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। कोतवाल कैलाश नेगी के मुताबिक, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
रामनगर में मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म का मामला
नैनीताल जिले के रामनगर में मानसिक रूप से कमजोर 25 वर्षीय युवती के गर्भवती होने के बाद कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती पिछले आठ से नौ महीनों से रामनगर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमती दिखाई दे रही थी। कुछ दिन पहले उसे काशीपुर रोडवेज बस अड्डे के पास पेट दर्द से परेशान हालत में देखा गया।
सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को चिकित्सकों के पास ले गए। जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता के मुताबिक, युवती ने बातचीत के दौरान बताया कि होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।
रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार में पिता पर नाबालिग बेटी से अश्लील हरकतों का आरोप, गिरफ्तार
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर 16 वर्षीय बेटी के साथ पिछले करीब एक साल से अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार, बेटी ने हिम्मत जुटाकर पिता की हरकतों के बारे में उसे बताया, जिसके बाद उसने 31 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पति पर परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव से मारपीट, तीन कर्मचारी जेल भेजे गए
हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटा। इस दौरान उनके बैग में रखे चेक और जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए गए।
कुलसचिव की शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने कुलपति कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी उखाड़ ली। कुछ गोपनीय फाइलें ले जाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नरेंद्र मलिक, ओमबीर सिंह और उमाशंकर को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारियों और शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ का आंदोलन करीब 15 दिनों से चल रहा था। शुक्रवार रात समझौते के बाद आंदोलन समाप्त हुआ था, लेकिन शनिवार सुबह फिर विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
हरकी पैड़ी पर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों में मारपीट, पार्षद से भी हाथापाई
हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुरोहित मोड़ के पास तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को हरकी पैड़ी चौकी ले आई। इसी दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे नगर निगम के वार्ड आठ के पार्षद हिमांशु गुप्ता के साथ भी हाथापाई हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता चौकी पहुंच गए।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस का नोटिस, एसआईटी जांच में जुटी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद में देहरादून पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने गिरधारी लाल साहू को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है।
अब तक उनके पुलिस के सामने पेश नहीं होने पर एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि लगातार तीन नोटिस के बावजूद पेश नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है। टीम देहरादून के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली में भी जांच कर चुकी है और संबंधित दस्तावेज व संपत्ति से जुड़ी जानकारियां जुटाई हैं।
पुलिस कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। गौरतलब है कि रेखा आर्या ने अपने पति के खिलाफ उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए कैंट थाने में शिकायत दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
विकासनगर में युवती का तीन साल तक शारीरिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में युवती को जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने 24 सितंबर को पुलिस को शिकायत देकर लखनवाला निवासी आदिल पर गंभीर आरोप लगाए थे।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(M), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना महिला उपनिरीक्षक वंदना नेगी को सौंपी गई।
पुलिस ने जांच के बाद 22 वर्षीय आरोपी आदिल को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया और वहीं से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सितारगंज में तेज रफ्तार कार ने मां और दो बेटियों को कुचला, मां-बेटी की मौत
ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-किच्छा हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसकी सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी घायल हो गई।
उत्तरांचल कॉलोनी दड़हा निवासी 34 वर्षीय मीनू देवी अपनी सात वर्षीय बेटी अनिष्का और 10 वर्षीय बेटी राधिका के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में शामिल होने जा रही थीं। तीनों आरके ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में मीनू देवी और अनिष्का गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राधिका को भी चोटें आईं। पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिद्वार में गंगा के टापू पर फंसे 35 श्रद्धालु, संयुक्त रेस्क्यू अभियान से बचाई जान
हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के पास गंगा के बीच बने टापू पर स्नान करने पहुंचे 35 श्रद्धालु फंस गए।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, जल पुलिस और 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
गंगा का तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर बचाव कार्य में चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद टीमों ने बोट की मदद से एक-एक कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी के मुताबिक, समय रहते सूचना मिलने और संयुक्त टीमों की तत्परता से सभी श्रद्धालुओं को सकुशल बचा लिया गया।
उल्लेखनीय है कि गंगनहर की वार्षिक बंदी के चलते हरकी पैड़ी को छोड़कर अन्य घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में श्रद्धालु बड़ी गंगा में स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इसी दौरान जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसने की घटना हुई।



