देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, बस हादसे में 5 घायल। हल्द्वानी में 3 अवैध क्लीनिक सील
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को अपराध, सड़क हादसे और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से जुड़ी तीन बड़ी घटनाएं सामने आईं। राजधानी देहरादून के रायपुर ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी प्लंबर को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं विकासनगर में यात्रियों से भरी एक निजी बस पलटने से पांच लोग घायल हो गए। उधर, हल्द्वानी के बनभूलपुरा में महिला की मौत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन अवैध क्लीनिक सील कर दिए हैं।
600 रुपये की मजदूरी को लेकर तिहरा हत्याकांड
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के यहां प्लंबिंग का काम करता था। घटना वाले दिन मजदूरी के 600 रुपये को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि बहस बढ़ने पर राजकुमार ने पेचकस से 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और बीच-बचाव करने पहुंची 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला पर हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
बाइक सवार को बचाने में पलटी बस, पांच घायल
दूसरी ओर विकासनगर में देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंहनीवाला के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। बताया जा रहा है कि चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते बस सड़क से नीचे उतर गई।
हादसे में चालक और परिचालक समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
महिला की मौत के बाद प्रशासन का एक्शन
नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में गर्दन दर्द का इलाज कराने गई महिला की मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिकों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान तीन क्लीनिकों को सील कर दिया। जांच में संचालक पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित क्लीनिकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



