बिग ब्रेकिंग: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी जिलों में भी बरसेंगे बादल। 9 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी

पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी जिलों में भी बरसेंगे बादल। 9 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 11 अक्टूबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग ने 9 अक्टूबर तक येलो अलर्ट भी जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 से 10 अक्टूबर तक राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और वज्रपात की घटनाएं सामने आने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है, इसलिए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए।

11 अक्टूबर को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

हालांकि पहाड़ों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश में ठंड भी धीरे-धीरे दस्तक देने लगी है। देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है।

हरिद्वार में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं रुद्रपुर में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।

जहां अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में यात्रियों, किसानों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।