UPL 2026 Final आज! वॉरियर्स और एल्मास में भिड़ंत, फाइनल में मासूम शर्मा और प्रांजल दहिया का म्यूजिकल शो

UPL 2026 Final आज! वॉरियर्स और एल्मास में भिड़ंत, फाइनल में मासूम शर्मा और प्रांजल दहिया का म्यूजिकल शो

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 अब अपने खिताबी मुकाबले तक पहुंच गया है। गुरुवार, 1 अक्टूबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

क्रिकेट के इस महामुकाबले के साथ दर्शकों को संगीत और मनोरंजन का भी तड़का देखने को मिलेगा। लीग चरण में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-8 अंक हासिल किए।

बेहतर नेट रन रेट के आधार पर देहरादून वॉरियर्स अंक तालिका में पहले स्थान पर रही, जबकि हरिद्वार एल्मास दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंची। बुधवार को दोनों टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले का टिकट पक्का किया।

अब देहरादून वॉरियर्स की कोशिश अपने लीग चरण के बेहतर प्रदर्शन को ट्रॉफी में बदलने की होगी, जबकि हरिद्वार एल्मास फाइनल में दमदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम करना चाहेगी।  दोनों टीमों के बीच मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।

फाइनल में संगीत और मनोरंजन का तड़का

UPL 2026 के ग्रैंड फिनाले में क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी विशेष इंतजाम किया गया है। मुकाबले के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और लोकप्रिय परफॉर्मर प्रांजल दहिया अपनी प्रस्तुतियां देंगे। ऐसे में फाइनल मुकाबले के दौरान क्रिकेट के रोमांच के साथ संगीत का भी माहौल देखने को मिलेगा।

खास बात यह है कि फाइनल मुकाबले के लिए दर्शकों की एंट्री निशुल्क रखी गई है। ऐसे में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर पहले भी उठा था विवाद

UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर इससे पहले विवाद भी सामने आ चुका है। पिछले वर्ष देहरादून के डीएवी कॉलेज के एक कार्यक्रम में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और इस मामले में पुलिस कार्रवाई भी हुई थी।

अब UPL फाइनल में उनकी प्रस्तावित प्रस्तुति को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है। संगठन के प्रांतीय मिलन प्रमुख भगवा विकास वर्मा ने कहा है कि बड़े कलाकारों को युवा बड़ी संख्या में फॉलो करते हैं, इसलिए मंच से होने वाली प्रस्तुति में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और मर्यादा का भी हवाला दिया है।

वहीं, मासूम शर्मा ने देहरादून में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कहा है कि उत्तराखंड से उनका गहरा जुड़ाव है और यहां के लोगों का प्यार उनके लिए बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी के मन में उनके प्रति कोई शिकायत या नाराजगी है, तो वह मंच से उसे दूर करने की कोशिश करेंगे और दर्शकों से दिल खोलकर मिलना चाहते हैं।

फिलहाल सभी की नजरें राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर हैं, जहां देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास के बीच ट्रॉफी के लिए निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा।