क्राइम अपडेट: गंगा में कांवड़िया लापता, दो शव मिलने से सनसनी, भूस्खलन से 10 परिवार बेघर समेत 10 बड़ी खबरें….

गंगा में कांवड़िया लापता, दो शव मिलने से सनसनी, भूस्खलन से 10 परिवार बेघर समेत 10 बड़ी खबरें….

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को हादसों और आपराधिक घटनाओं से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आईं। हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान एक कांवड़िया तेज बहाव में बहकर लापता हो गया, जबकि इससे एक दिन पहले नमामि गंगे घाट पर दो कांवड़िए गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए थे।

खटीमा में एक ही स्थान पर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। रुद्रप्रयाग में भूस्खलन के खतरे के चलते 10 परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। वहीं देहरादून में करीब चार साल पुराने छात्रा हत्याकांड में अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

हरिद्वार में गंगा में बहा कांवड़िया, तलाश जारी

हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को हरकी पैड़ी के पास धनुष पुल के नीचे गंगा में स्नान करते समय एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में लापता हो गया।

बताया गया कि कांवड़िया सुरक्षा रेलिंग के बाहर खड़े होकर गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसने पानी में छलांग लगाई और तेज धारा उसे अपने साथ बहाकर ले गई। आसपास मौजूद श्रद्धालु कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह पानी में गायब हो गया।

सूचना मिलते ही जल पुलिस और पीएसी राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। बोट और अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कांवड़िए की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिबंधित और खतरनाक स्थानों पर स्नान न करने तथा सुरक्षा रेलिंग पार नहीं करने की अपील की।

कांवड़ मेले में अब तक कई हादसे

कांवड़ मेले के दौरान गंगा और गंगनहर में डूबने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले नमामि गंगे घाट पर तीन कांवड़िए गहरे पानी में चले गए थे। जल पुलिस ने एक कांवड़िए को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि मुरादाबाद निवासी 20 वर्षीय पंकज और बुलंदशहर निवासी 22 वर्षीय आनंद कश्यप लापता हो गए।

इससे पहले जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चंडीगढ़ से आए चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो चुकी है।

खटीमा रेलवे स्टेशन के पास दो शव मिलने से सनसनी

उधम सिंह नगर के खटीमा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर छह के पास शनिवार देर रात दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट तथा एफएसएल टीम को बुलाया।

मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत और करीब 47 वर्षीय विनोद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राजेंद्र परचून की दुकान चलाता था, जबकि दूसरा मृतक मुरादाबाद के डिलारी क्षेत्र का रहने वाला था।

एक ही स्थान पर दो शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

रुद्रपुर में गैस रिसाव से घर में आग, तीन झुलसे

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद घर में आग लग गई। हादसे में गृहस्वामी नितेश ममगई, उनकी बेटी और बेटा झुलस गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को विशेषज्ञ उपचार के लिए राममूर्ति अस्पताल रेफर किया गया।

जिला अस्पताल में बर्निंग यूनिट की सुविधा नहीं होने पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने जिला अस्पताल में आधुनिक बर्निंग यूनिट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।

रुद्रप्रयाग में भूस्खलन का खतरा, 10 परिवारों ने छोड़े घर

रुद्रप्रयाग के बसुकेदार तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच जमीन दरकने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ग्राम पंचायत तालजामण के जंदरियाण-बडेथ-थपौनी तोक में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने तथा जमीन में दरारें बढ़ने के बाद 10 परिवारों ने एहतियातन अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले साल की आपदा के बाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा दीवार और अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय रहते काम नहीं हो सके। अब लगातार बारिश के कारण खतरा दोबारा बढ़ गया है।

राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र का तकनीकी सर्वेक्षण कराने और स्थायी सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।

मसूरी में पूर्व सैनिक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी के कंपनी गार्डन क्षेत्र में 41 वर्षीय पूर्व सैनिक नवांग त्सेरिंग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि वह करीब तीन वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुआ था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट से जांच कराई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रामनगर में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, दो हिरासत में

नैनीताल के रामनगर के टांडा मल्लू क्षेत्र में 24 वर्षीय रवि सैनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने एक महिला और एक पुरुष पर हत्या का शक जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना से आक्रोशित करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ पिरूमदारा चौकी पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।

हरिद्वार कांवड़ मेले में नकली नोट खपाने की कोशिश, 30 हजार के जाली नोट बरामद

हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के भेष में पहुंचे युवकों द्वारा नकली नोट चलाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। व्यापारी को शक होने पर उसने युवकों को पकड़ लिया, लेकिन भीड़ जुटने के दौरान आरोपी फरार हो गए।

आरोपियों का सामान मौके पर छूट गया। तलाशी में करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट, मुरादाबाद-चंदौसी के रेलवे टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुए हैं। नकली नोटों में 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

चार साल पुराने छात्रा हत्याकांड में आरोपी को उम्रकैद

देहरादून में डी फार्मा छात्रा वंशिका बंसल की 2022 में गोली मारकर हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी आदित्य तोमर को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 30 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

3 मार्च 2022 को सिद्धार्थ फार्मेसी कॉलेज, आईटी पार्क के बाहर वंशिका की गोली मारकर हत्या की गई थी। अभियोजन पक्ष ने मामले में 20 गवाह पेश किए। सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को अदालत ने महत्वपूर्ण माना।

अदालत के सामने यह भी आया कि आरोपी ने वंशिका को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया था। विरोध करने पर उसने गोली चला दी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया था।

नैनीताल की लंघम बस्ती में आग, श्रमिक का सामान जला

नैनीताल की अयारपाट्टा हिल स्थित लंघम बस्ती में डीएसबी कॉलेज के समीप टिन के कमरे में आग लग गई। आग निजी स्कूल में कार्यरत नरेश के कमरे में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल की दो गाड़ियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

‘जंगी सिक्स’ के योद्धा हवलदार करन सिंह का निधन

हल्द्वानी में 6 कुमाऊं के पूर्व सैनिक और 1962, 1965 तथा 1971 के युद्धों के वीर योद्धा हवलदार करन सिंह का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से कुमाऊं रेजिमेंट और पूर्व सैनिक समाज में शोक की लहर है।

3 फरवरी 1937 को पिथौरागढ़ के बाकू गांव में जन्मे करन सिंह 28 सितंबर 1956 को कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध में ऐतिहासिक बैटल ऑफ वालोंग में हिस्सा लिया। इसके बाद 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भी देश की सेवा की।

वर्ष 1972 में हवलदार पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वह हल्द्वानी में बस गए। उनके दोनों बेटे भी भारतीय सेना में सेवा देकर सेवानिवृत्त हुए।

हवलदार करन सिंह का अंतिम संस्कार 9 अगस्त 2026 को सुबह नौ बजे हल्द्वानी के चित्रशिला घाट पर किया जाएगा।

टौंस पुल प्रकरण में ठेका फर्म भी निलंबित

देहरादून की नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी के पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। विभाग ने निर्माण कार्य करने वाली मैसर्स हिमालयन कंस्ट्रक्शन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कंपनी को अगले आदेश तक उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग की निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से भी रोक दिया गया है। इससे पहले मामले में अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता अमित त्यागी और अपर सहायक अभियंता/जेई नवीन गैरोला को निलंबित किया जा चुका है।

28 जुलाई को भारी बारिश के बाद टौंस नदी में तेज बहाव और कटाव के कारण पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में नदी कटाव को नुकसान की प्रमुख वजह माना गया है।

अब नदी तल के नीचे कटाव की वास्तविक गहराई का पता लगाने के लिए भू-भेदी रडार और विद्युत प्रतिरोधकता परीक्षण कराने की जरूरत बताई गई है। जांच पूरी होने तक ठेका फर्म पर विभागीय निविदाओं में भाग लेने की रोक जारी रहेगी।