स्कूल जाते समय प्रधानाचार्य की चाकू से हत्या, आरोपी बाबू की तलाश में पुलिस
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55 वर्ष) की स्कूल जाते समय चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद शिक्षा जगत में शोक की लहर है, जबकि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कार्यरत एक बाबू पहले से ही रास्ते में चाकू लेकर प्रधानाचार्य का इंतजार कर रहा था। जैसे ही दयानंद टम्टा वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों, शुभचिंतकों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रधानाचार्य की मौत की खबर से पूरे जिले में शोक का माहौल है। शिक्षक संगठनों ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश तेज कर दी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े एक प्रधानाचार्य की हत्या की इस वारदात ने पूरे बागेश्वर जिले को झकझोर दिया है। घटना के बाद शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


