उत्तराखंड 104 हेल्पलाइन रविवार तक रहेगी प्रभावित, तकनीकी अपग्रेड के चलते NHM की अपील
- मुख्य विद्युत केबल बदले जाने और सिस्टम अपग्रेड के कारण कॉल रिस्पॉन्स में हो सकती है देरी, गंभीर स्थिति में सीधे स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड की स्वास्थ्य सहायता सेवा 104 हेल्पलाइन की सेवाएं तकनीकी कारणों से रविवार तक आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने हेल्पलाइन परिसर में मुख्य विद्युत केबल बदलने और विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सक्षम बनाने का कार्य शुरू किया है। इसके चलते कॉल रिसीव होने में देरी या अस्थायी व्यवधान आ सकता है।
एनएचएम के अनुसार, राज्यभर में स्वास्थ्य सलाह, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, शिकायत निवारण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने वाली 104 हेल्पलाइन लाखों लोगों के लिए महत्वपूर्ण सेवा है।
बढ़ती कॉल संख्या और डिजिटल सेवाओं की मांग को देखते हुए हेल्पलाइन के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए यह अपग्रेड किया जा रहा है।
विभाग ने बताया कि सेवाओं को जारी रखने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की गई है, लेकिन मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए कॉल कनेक्ट होने में देरी हो सकती है। कार्य पूरा होने के बाद कॉल रिस्पॉन्स टाइम और सेवा गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।
104 हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरिता सक्सेना ने कहा, “मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। प्रयास है कि निर्धारित समय के भीतर सभी सेवाएं पूरी तरह सुचारु कर दी जाएं। अस्थायी असुविधा के लिए खेद है और आमजन से सहयोग की अपेक्षा है।”
एनएचएम की आमजन से अपील
- गंभीर या आपात स्वास्थ्य स्थिति में नजदीकी सरकारी या निजी स्वास्थ्य केंद्र से सीधे संपर्क करें।
- सामान्य स्वास्थ्य परामर्श के लिए कुछ समय बाद दोबारा 104 हेल्पलाइन पर कॉल करने का प्रयास करें।
- यदि कॉल कनेक्ट न हो या लंबी प्रतीक्षा करनी पड़े तो संबंधित विभाग को ई-मेल या ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।
एनएचएम ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत और अपग्रेड का कार्य पूरा होते ही 104 हेल्पलाइन की सेवाएं पूरी तरह सामान्य कर दी जाएंगी।


