क्राइम अपडेट: फायरिंग कांड का खुलासा, STF की बड़ी छापेमारी, दरगाह में जलभराव और नैनीताल में रेस्क्यू

फायरिंग कांड का खुलासा, STF की बड़ी छापेमारी, दरगाह में जलभराव और नैनीताल में रेस्क्यू

  • खटीमा में तीन आरोपी गिरफ्तार, किच्छा में 15,650 लीटर रसायन जब्त, पिरान कलियर दरगाह में घुसा गंदा पानी, नैनीताल में पेड़ गिरने से दो घायल

देहरादून। उत्तराखंड में एक ओर लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है तो दूसरी ओर पुलिस और एसटीएफ ने अपराध एवं अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खटीमा में फायरिंग और मारपीट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वहीं किच्छा में एसटीएफ ने छापेमारी कर 15,650 लीटर संदिग्ध रासायनिक पदार्थ जब्त किया है। दूसरी तरफ पिरान कलियर दरगाह में जलभराव से श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली, जबकि नैनीताल में पेड़ गिरने से घायल दो लोगों का एसडीआरएफ ने सफल रेस्क्यू किया।

खटीमा के बरी अंजनिया क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट और हवाई फायरिंग मामले में पुलिस ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

उधर, उत्तराखंड एसटीएफ ने किच्छा के लालपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम में संयुक्त छापेमारी कर करीब 15,650 लीटर एथेनॉल, ग्लूकोज और सॉर्बिटॉल से भरे 108 ड्रम बरामद किए हैं। मौके से कई उपकरण भी जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है।

प्राथमिक जांच में गोदाम का संचालन राजकुमार खुराना द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। एसटीएफ और आबकारी विभाग यह जांच कर रहे हैं कि इन रसायनों का इस्तेमाल अवैध शराब निर्माण या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि के लिए तो नहीं किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में मानसून की पहली तेज बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बाजारों का गंदा पानी दरगाह परिसर तक पहुंच गया, जिससे देश-विदेश से आए जायरीन और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।

लोगों ने आरोप लगाया कि नालों की सफाई, जल निकासी और अतिक्रमण हटाने के दावे केवल कागजों तक सीमित रहे, जिसके कारण यह स्थिति पैदा हुई। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग की है।

वहीं नैनीताल में हाईकोर्ट के समीप न्यू पैवेलियन होटल के पास भारी बारिश के दौरान एक विशालकाय पेड़ गिरने से दो राहगीर उसके नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।