UKSSSC ने जारी किया ड्राइविंग स्किल टेस्ट का शेड्यूल, जानिए कब डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली वाहन चालन दक्षता परीक्षा (ड्राइविंग स्किल टेस्ट) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार यह परीक्षा 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी।
आयोग ने बताया कि विज्ञापन संख्या 75/उ०अ० से०च०0310/2026 (10 अप्रैल 2026) के तहत विभिन्न विभागों में वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के कुल 75 रिक्त पदों के लिए 31 मई 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।
लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर निर्धारित अनुपात में तकनीकी परीक्षा के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 19 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जा चुकी है।
13 जुलाई से मिलेंगे प्रवेश पत्र
ड्राइविंग स्किल टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 13 जुलाई 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का स्थल, तिथि और समय प्रवेश पत्र में अंकित रहेगा।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और अपने साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस की स्वप्रमाणित छायाप्रति, फोटोयुक्त पहचान पत्र, प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं।
हर इवेंट पास करना होगा जरूरी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि वाहन चालन दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सभी निर्धारित इवेंट्स में भाग लेना होगा। प्रत्येक इवेंट को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। किसी भी इवेंट में असफल रहने पर अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया से बाहर हो सकता है।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए समय-समय पर UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहने की अपील की है।

