भ्रष्टाचार, आपदा, अपराध और हादसों की 10 बड़ी खबरें। एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को भ्रष्टाचार, अपराध, सड़क हादसों और आपदा से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) में दान-चढ़ावे के विवाद के बीच अब दर्जनों लैपटॉप के गायब होने का मामला सामने आया है।
वहीं उत्तरकाशी के हर्षिल में भागीरथी नदी का बढ़ता जलस्तर चिंता बढ़ा रहा है। दूसरी ओर रुड़की में दो करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद हुई, जबकि टिहरी और हरिद्वार में भी गंभीर घटनाओं ने सुर्खियां बटोरीं।
1. BKTC में 20-25 लैपटॉप गायब होने का मामला
दान-चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच के बीच अब पिछले 10-12 वर्षों में बैंकों की ओर से CSR के तहत दिए गए 20 से 25 लैपटॉप का रिकॉर्ड नहीं मिलने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि स्टॉक रजिस्टर में भी इनका उल्लेख नहीं है। मामले की जांच के लिए गठित चार सदस्यीय समिति 9 जुलाई से जांच शुरू करेगी। समिति पिछले 40 दिनों की CCTV फुटेज भी खंगालेगी।
2. हल्द्वानी में विवाहिता ने पति पर यौन हिंसा और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया
मुखानी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, जबरन शारीरिक संबंध, अप्राकृतिक कृत्य के लिए दबाव और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3. नैनीताल-काशीपुर मार्ग पर चलते-चलते बस के दोनों पहिए निकले
कालाढूंगी क्षेत्र में एक यात्री बस के अचानक दोनों पहिए निकल गए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के बाद बसों की फिटनेस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
4. देहरादून में नकबजनी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
5. टिहरी में नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट
जाखणीधार बाजार में एक मीट व्यापारी पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और संगठनों ने प्रदर्शन किया।
6. रुड़की में दो करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पंजाब निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।
7. हर्षिल पर फिर मंडराया आपदा का खतरा
भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने से हर्षिल में जीएमवीएन गेस्ट हाउस, थाना भवन, होटल, होमस्टे और कई आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। प्रशासन ने आठ भवन खाली करा दिए हैं और सुरक्षात्मक कार्य तेज कर दिए गए हैं।
8. ड्यूटी पर लौटते समय लापता हुआ अग्निवीर
टिहरी जिले का अग्निवीर सूरज भट्ट 16 जून को घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन अपनी यूनिट नहीं पहुंचा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
9. काशीपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो मौतें
काशीपुर में एक सामाजिक संस्था में रह रहे 14 वर्षीय किशोर की बीमारी के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही जान चली गई। दोनों मामलों की जांच जारी है।
10. रुड़की में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत
कांवड़ पटरी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

