कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी का आरोप। महिला समेत छह पर मुकदमा
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अजबपुर कला स्थित एक ऑटो कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
देखें वीडियो:-
पुलिस ने वर्कशॉप मैनेजर की तहरीर पर एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है।
एफआईआर के अनुसार, ऑटो हेवन कार वर्कशॉप के मैनेजर नीरज शर्मा ने बताया कि 29 जून की सुबह करीब 9:30 बजे वह वर्कशॉप खोलने के बाद पूजा कर रहे थे। इसी दौरान कार्तिक चंदेल अपने साथियों के साथ वर्कशॉप में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरिता चंदेल ने जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर से गुंडे बुलाने की बात कही। इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और वर्कशॉप में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आरोप है कि कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, ग्राहकों को वहां से भगा दिया गया और पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना दिया गया।
एफआईआर में यह भी आरोप है कि बाद में सरदार हरपाल सिंह, जीएस सारंग और अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और नीरज शर्मा के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित लोहे के पंच और सरिए मंगाने की बात कर रहे थे तथा जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोका, वर्कशॉप में तोड़फोड़ कर लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए। मारपीट के दौरान शिकायतकर्ता के गले की चेन टूटने का भी आरोप लगाया गया है।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि आरोपी हरपाल सिंह पहले इसी वर्कशॉप में कार्यरत था। नौकरी छोड़ने के बाद उसके द्वारा किरायानामे से जुड़े मूल दस्तावेजों का दुरुपयोग किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस ने सरिता चंदेल, कार्तिक चंदेल, सरदार हरपाल सिंह, जीएस सारंग, चंदेल वर्कशॉप की संपत्ति मालिक तथा अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

