नैनीझील में मौत को दावत! पैडल बोट पर पर्यटकों के खतरनाक स्टंट, देखें….
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध नैनीझील में पर्यटकों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। झील में नौकायन के दौरान कुछ पर्यटक पैडल बोट पर बिना लाइफ जैकेट पहने जानलेवा स्टंट करते नजर आए, जबकि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तैनात जल पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी।
देखें वीडियो:-
नैनीझील में देश-विदेश से आने वाले पर्यटक नौकायन का आनंद लेने पहुंचते हैं। यहां चप्पू वाली नावों का संचालन प्रशिक्षित नाविक करते हैं, जो यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाने और सुरक्षा नियमों का पालन कराने में सख्ती बरतते हैं। इसके विपरीत पैडल बोट पर्यटक स्वयं चलाते हैं और अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते देखे जाते हैं।
शुक्रवार दोपहर कुछ पर्यटकों ने पैडल बोट किराये पर ली और झील के बीच पहुंचने के बाद दो अलग-अलग बोटों के बीच आवाजाही शुरू कर दी। इस दौरान कई पर्यटक बोट पर खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाते नजर आए। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि अधिकांश ने लाइफ जैकेट भी नहीं पहन रखी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान न तो जल पुलिस ने उन्हें रोका और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने हस्तक्षेप किया। ऐसे में यदि कोई हादसा हो जाता तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती, यह बड़ा सवाल है।
गौरतलब है कि नैनीझील में पहले भी डूबने और शव मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही और निगरानी का अभाव पर्यटकों की जान को खतरे में डाल रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झील में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पैडल बोट चालकों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य कराने और जल पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।

