स्वास्थ्य विभाग में 5 अपर निदेशक बने निदेशक। जल्द होंगे CMO-CMS के तबादले
देहरादून। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। शासन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कार्यरत पांच अपर निदेशकों को निदेशक पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विभागीय मंत्री सुबोध उनियाल के कार्यभार संभालने के बाद स्वास्थ्य विभाग में उच्च स्तर पर यह पहला बड़ा प्रमोशन माना जा रहा है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-1 की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल की स्वीकृति के बाद नियमित चयन प्रक्रिया के तहत पांच अधिकारियों को निदेशक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। यह पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-15 (₹1,44,200 से ₹2,18,200) के अंतर्गत आता है।
इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन
- डॉ. रमेश चन्द्र पन्त
- डॉ. कमलेश कुमार पाण्डे
- डॉ. जगदीश चन्द्र ध्यानी
- डॉ. तरुण कुमार
- डॉ. खड़क सिंह दाताल
हालांकि इन अधिकारियों की तैनाती को लेकर फिलहाल कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि उनकी पोस्टिंग से संबंधित अलग आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।
डॉ. तरुण कुमार की पदोन्नति न्यायालय के अंतिम निर्णय पर निर्भर
शासनादेश में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि डॉ. तरुण कुमार की पदोन्नति माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल में लंबित रिट याचिका संख्या 202/एसबी/2025 में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
महानिदेशक को दिए गए आवश्यक निर्देश
अधिसूचना के अनुसार चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक को निर्देशित किया गया है कि सेवानिवृत्त होने वाले निदेशकों की परिस्थितियों को देखते हुए पदोन्नत अधिकारियों को यथास्थान कार्यभार ग्रहण कराने के लिए आवश्यक आदेश अपने स्तर से जारी करें।
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इन पदोन्नतियों से विभाग में नेतृत्व स्तर पर मौजूद रिक्तियां भरने में मदद मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, निगरानी और प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी।
लंबे समय से था इंतजार
सूत्रों के अनुसार इन पदोन्नतियों की प्रक्रिया काफी समय से चल रही थी और संबंधित अपर निदेशक लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे थे। नई स्वास्थ्य मंत्री और नए स्वास्थ्य सचिव के कार्यभार संभालने के बाद प्रक्रिया को गति मिली और अंततः आदेश जारी किए गए।
अब नजर नई तैनातियों पर
विभाग में विभिन्न निदेशक पदों पर बदलाव और नई तैनातियों को लेकर पिछले कई महीनों से चर्चाएं चल रही थीं। ऐसे में नए निदेशकों की नियुक्ति के बाद स्वास्थ्य मुख्यालय में जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और प्रशासनिक पुनर्संरचना की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
CMO और CMS स्तर पर भी बड़े बदलाव के संकेत
इधर स्वास्थ्य विभाग में सिर्फ मुख्यालय स्तर पर ही नहीं बल्कि जिलों में भी बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक कई जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) तथा अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (CMS) के तबादलों को लेकर विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
बताया जा रहा है कि राज्य में कई ऐसे सीएमओ और सीएमएस हैं जिनकी कार्यप्रणाली और प्रदर्शन को लेकर विभागीय मंत्री संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर ली गई है और आगामी दिनों में बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग में निदेशक स्तर से लेकर जिलों तक संभावित प्रशासनिक फेरबदल को आगामी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और सेवा सुधारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें नए निदेशकों की तैनाती और संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई हैं।

