क्राइम रिपोर्ट: प्रदेश में एक दिन में कई बड़े घटनाक्रम। प्रदर्शन, अपराध और प्रशासनिक सख्ती, आप भी पढ़ें….

प्रदेश में एक दिन में कई बड़े घटनाक्रम। प्रदर्शन, अपराध और प्रशासनिक सख्ती, आप भी पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को श्रमिक असंतोष, हिंसक घटनाओं, आपराधिक मामलों और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई बड़े घटनाक्रम सामने आए।

देहरादून की औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र हुआ तो पौड़ी में पड़ोसी पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश ने सनसनी फैला दी। वहीं हरिद्वार में बम धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार हुआ, जबकि रुद्रप्रयाग में वन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की गई।

Windlas Biotech में कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और स्थायीकरण की मांग

देहरादून के मोहब्बेवाला स्थित Windlas Biotech Limited में कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, अस्थायी कर्मचारियों को दिए जाने वाले अनिवार्य ब्रेक और स्थायीकरण की मांग को लेकर कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें 11-12 हजार रुपये मासिक वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हर साल तीन महीने का अनिवार्य ब्रेक देकर दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया कराना शोषण है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालने की कोशिश की।

सेलाकुई-सिडकुल में धारा 163 लागू, पैरामिलिट्री के साथ फ्लैग मार्च

सेलाकुई और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक आंदोलनों और पथराव की घटनाओं के बाद प्रशासन ने धारा 163 बीएनएसएस लागू कर दी है। अब पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने, धरना-प्रदर्शन और बिना अनुमति लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस ने पथराव और उपद्रव के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पौड़ी में पड़ोसी पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप

पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण क्षेत्र के रौली गांव में आपसी विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि आनंद सिंह नामक व्यक्ति ने पड़ोसी वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र सिंह का जिला अस्पताल पौड़ी में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हरिद्वार में गौ तस्कर गिरफ्तार, अवैध हथियार और स्कॉर्पियो बरामद

ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने कथित गौ तस्कर परवेज उर्फ अल्लाहदिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सड़क और आश्रमों से गाय चोरी कर बेचता था।

उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है। पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

राजपुर रोड के शू-शोरूम में हंगामा, नेम प्लेट विवाद पर बवाल

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक शू-शोरूम में कर्मचारी उत्पीड़न और कथित जबरन वसूली के आरोपों को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।

कर्मचारियों की नेम प्लेट को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। कर्मचारी विपिन सिंह ने प्रबंधन पर मानसिक दबाव, वेतन कटौती और जबरन वसूली के आरोप लगाए हैं।

हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

डायल 112 पर कॉल कर हरिद्वार और हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी सोहन सिंह रावत को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में बार-बार धमकी भरे फोन कर रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

काशीपुर में युवती बरामद, आरोपी युवक गिरफ्तार

उधम सिंह नगर के काशीपुर में बहला-फुसलाकर ले जाई गई 22 वर्षीय युवती को पुलिस ने प्रयागराज से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस युवती के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

देहरादून में स्कूल कैंपस में देह व्यापार का खुलासा

देहरादून के कैंट क्षेत्र में एक स्कूल परिसर के पीछे बने कमरों में कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार स्कूल संचालक दंपति को गतिविधियों की जानकारी नहीं थी, जबकि कमरे किराए पर देने वाले व्यक्ति की तलाश जारी है।

रुद्रप्रयाग में वन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई

केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की टीम ने मदमहेश्वर घाटी में छापेमारी कर अवैध रूप से काटी गई करीब 300 नग लकड़ी बरामद की है। वन विभाग ने कहा कि अवैध कटान में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विकासनगर में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला

सहसपुर क्षेत्र के बदरीपुर गांव में मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी मौके से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है।

रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप में आत्महत्या के दो मामले

काशीपुर में 17 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वहीं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों मामलों में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और जांच जारी है।

ईंधन बचत को लेकर परिवहन विभाग की एडवाइजरी

पश्चिम एशिया में तनाव और ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच उत्तराखंड परिवहन विभाग ने पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए एडवाइजरी जारी की है।

विभाग ने अनावश्यक ब्रेक, तेज रफ्तार, ज्यादा एसी उपयोग और अतिरिक्त वजन से बचने की सलाह दी है। साथ ही कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।