बड़ी खबर: चारधाम में आस्था का सैलाब। 11.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यमुनोत्री में एक श्रद्धालु की मौत

चारधाम में आस्था का सैलाब। 11.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यमुनोत्री में एक श्रद्धालु की मौत

Chardham Yatra 2026: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार चरम पर है। अब तक 11 लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

सिर्फ 12 मई को ही 68,816 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं यात्रा के बीच यमुनोत्री मार्ग से एक दुखद खबर भी सामने आई, जहां मध्य प्रदेश के एक 64 वर्षीय श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

केदारनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

केदारनाथ धाम में 12 मई को सबसे अधिक 25,404 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। इनमें 12,750 पुरुष, 12,511 महिलाएं और 138 बच्चे शामिल रहे। अब तक केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 4,91,155 हो चुकी है।

वहीं बदरीनाथ धाम में 18,090 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। अब तक यहां 3,02,821 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

यमुनोत्री-गंगोत्री में भी भारी भीड़

यमुनोत्री धाम में 12,722 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए। अब तक यहां 1,94,075 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
गंगोत्री धाम में 12,600 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए, जिससे कुल संख्या 1,92,022 तक पहुंच गई।
इस तरह यमुनोत्री और गंगोत्री दोनों धामों में अब तक 3,86,097 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

गौरीकुंड में प्रशासन अलर्ट

गौरीकुंड क्षेत्र में मंदाकिनी नदी किनारे बने असुरक्षित स्थानों पर स्नान कर रहे यात्रियों को प्रशासन ने तत्काल हटाया। श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर स्नान करने की सलाह दी गई।

यात्रियों की सुविधा के लिए गौरीकुंड स्थित तप्त कुंड में महिला और पुरुषों के लिए अलग स्नान व्यवस्था, चेंजिंग रूम और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

फर्जी पुलिस एस्कॉर्ट और शराबी चालक पर कार्रवाई
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो को सीज किया।

वाहन पर अवैध रूप से पुलिस की लाल-नीली बत्ती, हूटर और ‘एस्कॉर्ट’ का चिन्ह लगाया गया था। पुलिस के अनुसार चालक इसका इस्तेमाल टोल बचाने और यात्रियों पर रौब जमाने के लिए कर रहा था।

इसके अलावा राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। एल्कोमीटर जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने वाहन सीज कर दिया।

यमुनोत्री यात्रा में MP के श्रद्धालु की मौत

उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर मध्य प्रदेश निवासी 64 वर्षीय रमेश चंद्र खारोल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अखिल राणा के अनुसार श्रद्धालु की मौत हार्ट अटैक से हुई।

अब तक 5 श्रद्धालुओं की जा चुकी जान

चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सिर्फ यमुनोत्री यात्रा में अब तक 5 श्रद्धालु जान गंवा चुके हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी, अधिक पैदल यात्रा और पहले से मौजूद बीमारियां बुजुर्ग यात्रियों के लिए खतरा बढ़ा देती हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पर्याप्त आराम करने और जरूरी दवाइयां साथ रखने की अपील की है।