उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, आंदोलन और प्रशासनिक एक्शन तेज, फायरिंग से लेकर GST छापों तक कई बड़े घटनाक्रम
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्रवाई, आंदोलन और हादसों से जुड़े कई बड़े घटनाक्रम सामने आए।
एक ओर रुद्रपुर में चाऊमीन विक्रेता पर फायरिंग करने वाले आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकालकर सार्वजनिक माफीनामा कराया।
वहीं हरिद्वार में गंगा घाटों के आसपास नॉनवेज और शराब की डिलीवरी पर नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी किया।
दूसरी तरफ देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन उग्र हो गया, जबकि राज्य कर विभाग ने देहरादून और हरिद्वार में बड़े होटल समूह पर जीएसटी चोरी के आरोप में छापेमारी की।
रुद्रपुर में फायरिंग के आरोपियों का निकाला जुलूस
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा चौकी क्षेत्र में चाऊमीन विक्रेता पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसी इलाके में जुलूस निकाला, जहां घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों से कान पकड़कर माफी मंगवाई गई।
बताया गया कि खाने के पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी दोबारा लौटे और फायरिंग कर दहशत फैला दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।
लक्सर में पीर मेले के दौरान परिवार पर हमला
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के कुड़ी नैतवाला गांव में पीर मेले के दौरान पुरानी रंजिश में एक परिवार पर लाठी-डंडों, चाकू और तमंचों से हमला कर दिया गया। हमले में महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार में गंगा घाटों पर नॉनवेज डिलीवरी पर सख्ती
धर्म नगरी हरिद्वार में नगर निगम ने एक ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर गंगा घाटों और प्रतिबंधित क्षेत्रों में मांसाहारी वस्तुओं और शराब की डिलीवरी रोकने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रशासन का कहना है कि धार्मिक मर्यादा और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
नैनीताल में होटल सील, बिजली कनेक्शन काटा
नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एसटीपी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर एक होटल को सील कर दिया।
होटल का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया। विभाग का कहना है कि होटल प्रबंधन को पहले नोटिस देकर सुधार का मौका दिया गया था, लेकिन दोबारा जांच में भी खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन उग्र
वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा ने अभ्यर्थियों से वार्ता की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
दुष्कर्म और लूट के आरोपी को कोर्ट से राहत
देहरादून की फास्ट ट्रैक कोर्ट (पॉक्सो) ने दुष्कर्म और लूट के आरोपी टैक्सी चालक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और पुलिस जांच में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे अभियोजन पक्ष आरोप साबित नहीं कर सका।
रुद्रप्रयाग में प्रेम प्रसंग ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता
रुद्रप्रयाग में एक 20 वर्षीय युवती अपने 19 वर्षीय प्रेमी के घर पहुंचकर शादी की जिद पर अड़ गई। मामला बढ़ने पर परिजनों ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। प्रशासन और काउंसलिंग टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर युवती को सुरक्षित घर वापस भेजा।
ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के पास दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत में एक कार भी चपेट में आ गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार ओवरटेक के दौरान दुर्घटना हुई। घायल श्रद्धालु मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी बताए गए हैं, जो चारधाम यात्रा पर जा रहे थे।
GST चोरी के आरोप में स्टार होटल समूह पर छापेमारी
उत्तराखंड राज्य कर विभाग की सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट ने देहरादून और हरिद्वार में संचालित एक स्टार होटल समूह पर छापेमारी की। जांच में फर्जी खरीद दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और जीएसटी चोरी के संकेत मिले हैं।
विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में करीब चार करोड़ रुपये की अनियमितताएं सामने आई हैं, जबकि संबंधित फर्मों ने मौके पर 1.72 करोड़ रुपये जमा भी कराए हैं।
एकेश्वर में गुलदार के हमले से दहशत
पौड़ी गढ़वाल के एकेश्वर ब्लॉक के भरपूर गांव में दिनदहाड़े गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भाग निकला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने व गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

