दुःखद: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, उत्तराखंड से भी जुड़ा था परिवार

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, उत्तराखंड से भी जुड़ा था परिवार

देहरादून। Akhilesh Yadav के सौतेले भाई और कारोबारी Prateek Yadav का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रतीक यादव की पत्नी Aparna Yadav मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की निवासी हैं और उनका उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव रहा है। प्रतीक के निधन की खबर के बाद उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में शोक की लहर देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पिछले महीने प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। 30 अप्रैल को उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान स्वास्थ्य में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बाद में वह औपचारिक डिस्चार्ज लिए बिना ही घर लौट आए थे।

प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी और व्यवसायिक जीवन को प्राथमिकता दी।

उन्होंने University of Leeds से शिक्षा प्राप्त की थी और रियल एस्टेट व फिटनेस सेक्टर में कार्यरत थे। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम संचालित करते थे।

इसके अलावा वह पशु कल्याण से जुड़ी संस्था ‘जीव आश्रय’ भी चलाते थे, जिसके माध्यम से बेसहारा और घायल स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन और रेस्क्यू का कार्य किया जाता था।

घटना के समय अपर्णा यादव असम दौरे पर थीं। पति के निधन की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

14 साल पहले हुई थी चर्चित लव मैरिज

प्रतीक और अपर्णा यादव की शादी 4 दिसंबर 2011 को सैफई में हुई थी। दोनों की मुलाकात वर्ष 2001 में एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुई थी। बाद में ई-मेल के जरिए दोनों करीब आए और रिश्ता शादी तक पहुंचा।

उस समय यह विवाह काफी चर्चाओं में रहा था, जिसमें महानायक Amitabh Bachchan समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। दंपती की दो बेटियां हैं।

जनवरी में तलाक की चर्चा, बाद में हुई सुलह

इस साल 19 जनवरी को प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर पत्नी अपर्णा से अलग होने की बात कहकर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने वैवाहिक जीवन को लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी। हालांकि करीब नौ दिन बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी।

सुलह के बाद प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि “सब कुछ ठीक है और मुश्किलों से बाहर निकलना ही असली जीत है।” इसके बाद 21 फरवरी को दोनों बेटी के जन्मदिन समारोह में एक साथ नजर आए थे।

कार्यक्रम में भाजपा के कई नेता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष Bhupendra Singh Chaudhary, मंत्री दानिश आजाद अंसारी और Rajnath Singh के बेटे नीरज सिंह भी शामिल थे।