देहरादून में BIS का ज्वेलर्स जागरूकता कार्यक्रम, हॉलमार्किंग और उपभोक्ता सुरक्षा पर जोर
देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से सहारनपुर रोड स्थित होटल वायसरॉय इन में “ज्वेलर्स जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से 150 से अधिक ज्वेलर्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ BIS देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आडे ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए BIS हॉलमार्किंग योजना में हुए नवीनतम बदलावों और सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ता BIS केयर ऐप के माध्यम से हॉलमार्क आभूषणों का विवरण, वजन और आभूषण की फोटो तक सत्यापित कर सकते हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं के हितों को अधिक मजबूती मिलेगी।
इस दौरान BIS के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने ज्वेलर्स पंजीकरण प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पंजीकरण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं, नियमों और प्रावधानों को सरल तरीके से समझाया।
कार्यक्रम में उत्तरांचल ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण जैन, राज्य महासचिव गुरजीत सिंह और देहरादून मंडल अध्यक्ष सुनील मैसन भी मौजूद रहे। ज्वेलर्स समुदाय की ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिन पर BIS अधिकारियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान BIS अधिकारियों और ज्वेलर्स के बीच संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें हॉलमार्किंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
BIS अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ज्वेलर्स और उपभोक्ताओं के बीच हॉलमार्किंग को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण आभूषणों को बढ़ावा देना है।

