लैंडिंग के दौरान प्लेन-ट्रक की टक्कर। एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, सभी सुरक्षित
न्यू जर्सी (अमेरिका): अमेरिका के व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार Newark Liberty International Airport पर रविवार दोपहर एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया, जब लैंडिंग कर रहा एक विमान रनवे के पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गया।
घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक United Airlines की फ्लाइट 169, जो Venice से आ रही थी, लैंडिंग के दौरान काफी नीचे उड़ान भर रही थी।
इसी दौरान विमान का निचला हिस्सा और टायर New Jersey Turnpike पर चल रहे एक डिलीवरी ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास का एक लाइट पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जो बाद में एक जीप पर गिर गया।
ट्रक चालक Warren Boardley इस घटना में बाल-बाल बच गया। ट्रक के डैशबोर्ड कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें वह हादसे से ठीक पहले गाना गाते नजर आ रहा है।
अचानक तेज आवाज के साथ कांच टूटने और टक्कर के बाद उसे हाथ और बाजू में मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ट्रक कंपनी के मालिक Chuck Paterakis ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। उनका कहना है कि जिस तरह से विमान ट्रक से टकराया, वह एक बड़े हादसे में बदल सकता था।
गौरतलब है कि यह रनवे हाईवे के बेहद करीब स्थित है, जिसके कारण विमानों को अक्सर ट्रैफिक के ऊपर से काफी नीचे उड़ान भरनी पड़ती है।
घटना के बाद National Transportation Safety Board (NTSB) ने जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर को अपने कब्जे में लेकर विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे एक गंभीर एविएशन दुर्घटना माना जा रहा है।
वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस ने एहतियात के तौर पर विमान के क्रू को ड्यूटी से हटा दिया है और आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
इस हादसे ने एक बार फिर एयरपोर्ट के आसपास की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा प्रबंधन पर बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि रनवे के बेहद करीब हाईवे का होना जोखिम बढ़ाता है, ऐसे में भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त उपाय जरूरी हैं।

