रुड़की में नजूल भूमि पर अवैध कॉम्प्लेक्स का खुलासा, ‘सील’ इमारतों में चल रहा कारोबार
- सिविल लाइंस इलाके में करोड़ों की सरकारी जमीन पर खड़े हुए व्यावसायिक ढांचे, प्रशासन पर उठे सवाल
रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की। रुड़की के पॉश सिविल लाइंस क्षेत्र में नजूल भूमि पर अवैध निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स खड़े कर दिए गए हैं, जबकि विभागीय रिकॉर्ड में इनमें से कई इमारतें ‘सील’ दर्शाई गई हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन निर्माणों को लंबे समय में तैयार किया गया और इस दौरान संबंधित विभागों की अनदेखी या कथित मिलीभगत की बात भी सामने आ रही है।
हैरानी की बात यह है कि जिन भवनों को प्रशासन ने सील किया हुआ बताया है, उनमें वर्तमान में बड़े स्तर पर व्यापारिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इमारतें सील थीं, तो उनमें बिजली और अन्य सुविधाओं के कनेक्शन कैसे जारी हुए? व्यावसायिक संचालन की अनुमति किसने दी? क्या यह सब बिना प्रशासनिक स्तर पर सहमति के संभव था?
प्रदेश में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती के निर्देश दे चुके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुख के बीच यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है।
अब निगाहें हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस मामले में जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या नहीं।

