डंपर की टक्कर से कांस्टेबल का हाथ अलग, हालत नाजुक
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे समेत पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रुद्रपुर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बेलबाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका दाहिना हाथ शरीर से अलग होकर सड़क पर जा गिरा।
घायल पुलिसकर्मी की पहचान पुष्कर रौतेला के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के टीपी नगर चौकी में तैनात हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल रौतेला सरकारी कार्य से फॉरेंसिक साइंस लैब गए थे। शाम को बाइक से लौटते समय सामने से आ रहे डंपर ने एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उसने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भावुक दृश्य, पत्नी बेसुध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में कांस्टेबल की पत्नी भी पहुंचीं, जहां उनकी हालत देख वे बेसुध हो गईं। वे बार-बार ऑपरेशन थिएटर में जाने की कोशिश करती रहीं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने संभाला।
विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए गए
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए रुद्रपुर से न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को विशेष रूप से बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी जान बचाने में जुटी है।
आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

