बड़ी खबर: टिहरी में शादी की दावत बनी मुसीबत। 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, अस्पताल में भर्ती

टिहरी में शादी की दावत बनी मुसीबत। 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, अस्पताल में भर्ती

टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक अंतर्गत ढरसाल गांव में विवाह समारोह की खुशियां अचानक अफरातफरी में बदल गईं, जब दावत खाने के बाद 35 लोग फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए।

सभी बीमारों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में आयोजित विवाह समारोह में ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भोजन किया था।

इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। मरीजों में उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसे लक्षण सामने आए, जिससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि बुधवार को 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अगले दिन 15 अन्य लोगों को भर्ती करना पड़ा। लगातार बढ़ते मामलों से गांव में चिंता का माहौल है।

स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजन के नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि विवाह समारोह में परोसा गया भोजन दूषित होने के कारण यह स्थिति बनी।

स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि भोजन तैयार करने और परोसने में हुई लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।