गजब: पिथौरागढ़ में दो प्रेम कहानियां बनीं ड्रामा। पोस्टमैन संग युवती फरार, फेसबुक प्रेमी गिरफ्तार

पिथौरागढ़ में दो प्रेम कहानियां बनीं ड्रामा। पोस्टमैन संग युवती फरार, फेसबुक प्रेमी गिरफ्तार

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र से दो अलग-अलग प्रेम प्रसंगों के मामले सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

एक ओर हरियाणा का एक पोस्टमैन स्थानीय युवती को लेकर फरार हो गया है, वहीं दूसरी ओर फेसबुक पर पनपे प्रेम संबंध के चलते तीन बच्चों की मां एक युवक के साथ भाग गई, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।

पहले मामले में गणाई गंगोली क्षेत्र में तैनात हरियाणा निवासी पोस्टमैन पर आरोप है कि वह एक स्थानीय युवती को अपने साथ लेकर फरार हो गया। युवती के परिजनों ने बेरीनाग कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है।

शिकायत के बाद पुलिस ने एएसआई अशोक चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। सर्विलांस के जरिए पोस्टमैन की मोबाइल लोकेशन हरियाणा में मिली है।

पुलिस युवती की तलाश में जुटी है। वहीं बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर मकान मालिक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है।

दूसरे मामले में हरिद्वार के लालढांग निवासी 26 वर्षीय युवक का फेसबुक के माध्यम से बेरीनाग की 30 वर्षीय महिला से प्रेम संबंध बन गया। दोनों के बीच करीब दो वर्षों से बातचीत चल रही थी, जो शादी के प्रस्ताव तक पहुंच गई।

युवक महिला से मिलने के लिए हरिद्वार से हल्द्वानी पहुंचा और वहां से स्कूटी किराये पर लेकर बेरीनाग गया। मुलाकात के बाद महिला युवक के साथ चली गई।

महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए दोनों को बांसपटान होते हुए बागेश्वर में पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे महिला के तीन बच्चों की जानकारी नहीं थी और महिला ने खुद को अविवाहित बताया था।

पुलिस ने महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और युवक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किरायेदार रखने से पहले सत्यापन अवश्य कराएं और सोशल मीडिया पर बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतें।