उत्तराखंड में दो बड़े फैसले। 28 मार्च को अर्थ ऑवर, पाताल भुवनेश्वर गुफा अस्थायी बंद
देहरादून। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आए हैं। जहां एक ओर 28 मार्च को पूरे प्रदेश में ‘अर्थ ऑवर’ मनाने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़ की विश्व प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा को मरम्मत कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।
28 मार्च को मनाया जाएगा ‘अर्थ ऑवर’
अर्थ ऑवर के 20 वर्ष पूरे होने पर भारत सरकार और उत्तराखंड शासन ने 28 मार्च 2026 को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की है।
इस वैश्विक अभियान का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। राज्यपाल गुरमीत सिंह सहित शासन-प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदेशवासियों, संस्थानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी इसे जनभागीदारी का अभियान बताते हुए सभी विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।
पाताल भुवनेश्वर गुफा 5 दिन रहेगी बंद
पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट स्थित पाताल भुवनेश्वर गुफा में सीढ़ियों के नवनिर्माण कार्य के चलते 29 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के निर्देश पर गुफा के संकरे मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
मंदिर समिति के अनुसार, हर साल हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। 3 अप्रैल से गुफा के कपाट पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
प्रदेश में एक ओर ‘अर्थ ऑवर’ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पाताल भुवनेश्वर गुफा में सुधार कार्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। दोनों ही पहलें जनहित और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




