वीडियो: गंगा किनारे बीयर पीते पर्यटक को स्थानीय युवाओं ने सिखाया सबक, वीडियो वायरल

गंगा किनारे बीयर पीते पर्यटक को स्थानीय युवाओं ने सिखाया सबक, वीडियो वायरल

देहरादून। धर्म और आस्था की नगरी ऋषिकेश में गंगा तट की मर्यादा भंग करने का एक मामला सामने आया है। लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा किनारे खुलेआम बीयर पी रहे एक पर्यटक को स्थानीय युवाओं ने घेरकर कड़ी फटकार लगाई, जिसके बाद उसे माफी मांगकर वहां से लौटना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देखें वीडियो:-

खुलेआम बीयर पीने पर गरमाया माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पर्यटक गंगा किनारे बैठकर बीयर पी रहा था। आसपास मौजूद लोगों की नजर पड़ते ही माहौल गरमा गया और स्थानीय युवाओं ने उसे रोक लिया।

“गंगा है यहां”, फिर भी दे रहा था तर्क

स्थानीय युवक अंकित गुप्ता ने जब उसे टोका, तो पर्यटक ने सफाई देते हुए कहा कि उसे नहीं पता था कि वह गंगा किनारे बैठा है। यह सुनकर लोग और भड़क गए। युवाओं ने सवाल उठाया कि सामने बह रही गंगा नदी भी क्या उसे दिखाई नहीं दे रही थी।

माफी मंगवाई, कैन जेब में डलवाया

इसके बाद युवाओं ने पर्यटक को जमकर फटकार लगाई और उससे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई। साथ ही उससे बीयर का खाली कैन जेब में रखवाया गया, ताकि गंगा तट पर गंदगी न फैले।

वीडियो वायरल, लोग बोले—ऐसा सबक जरूरी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग स्थानीय युवाओं की कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं और इसे “जरूरी सबक” बता रहे हैं।

नियम और आस्था दोनों की अनदेखी

गौरतलब है कि ऋषिकेश में गंगा तट पर शराब का सेवन नियमों के खिलाफ है। सार्वजनिक स्थलों पर मादक पदार्थों का सेवन भी प्रतिबंधित है। इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा इस तरह की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।