हल्द्वानी में आंधी-बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी। कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
देहरादून। कुमाऊं समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार को दिन में बूंदाबांदी और ओलावृष्टि के बाद देर रात मौसम और बिगड़ गया। हल्द्वानी में तेज आंधी, बादलों की गड़गड़ाहट, बिजली की कड़क और झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।
प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिला। नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली और देहरादून में बारिश दर्ज की गई।
वहीं पिथौरागढ़ के धारचूला और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ क्षेत्र में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। नैनीताल में ओलावृष्टि के कारण सड़कों और घरों की छतों पर सफेद चादर सी बिछ गई।
उधर उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री, यमुनोत्री धाम और हर्षिल समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित सुधांशु सेमवाल के अनुसार धाम में करीब छह इंच तक बर्फ जम चुकी है।
टिहरी जिले के सीमांत गंगी गांव में भी बर्फ के फाहे गिरने से मौसम ठंडा हो गया है। केदारनाथ धाम में भी हल्की बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
बारिश और ओलावृष्टि के चलते नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून और उत्तरकाशी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड एक बार फिर लौट आई है। पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में भी भारी बर्फबारी की सूचना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।
17 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
18 मार्च को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।



