Weather Alert: मौसम ने बदले तेवर। कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार, येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
Latest Weather Update: उत्तराखंड में आज मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
साथ ही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज और आकाशीय बिजली के साथ हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 50–60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झक्कड़ हवाएं चलने का अंदेशा है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
देहरादून में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से लेकर सामान्यतः बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं (40–50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।
यहां अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान लगभग 17°C रहने का अनुमान है।
तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4–5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।



