हरिद्वार में गैस सिलेंडर समस्या पर एक्शन, कंट्रोल रूम स्थापित, इन नंबरों पर करें शिकायत
हरिद्वार में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ती परेशानी के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन केंद्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा सके।
प्रशासन के अनुसार जिले में 42 गैस एजेंसियां संचालित हैं और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पा रही है। इससे ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है और एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए एजेंसियों पर नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।
यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर से संबंधित समस्या हो तो वे कंट्रोल रूम के नंबर 01334-239444, टोल फ्री 01334-1077, मोबाइल 9068197350 और 9528250926 (व्हाट्सएप) पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।


