बिग ब्रेकिंग: UKSSSC की भर्ती प्रक्रिया में हाईटेक बदलाव। आधार, रेटिना और हथेली स्कैन से होगी पहचान

UKSSSC की भर्ती प्रक्रिया में हाईटेक बदलाव। आधार, रेटिना और हथेली स्कैन से होगी पहचान

UKSSSC Latest Update 2026: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। अब आयोग की भर्तियों में आवेदन के समय आधार कार्ड अनिवार्य होगा।

इसके साथ ही परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए हथेली और आंखों की रेटिना स्कैन की जाएगी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और लाइव सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में आयोग ने 72 प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से 7092 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर विभागों को संस्तुति भेजी है।

वर्तमान में लगभग 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया चल रही है। इस वित्तीय वर्ष में समूह-ग के 1100 पदों का विज्ञापन जारी हो चुका है, जबकि 1737 नए पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा।

आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि भविष्य में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) आयोजित करने की योजना भी बनाई जा रही है। साथ ही हर जिले में आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे और छोटी परीक्षाओं के लिए आयोग अपना कंप्यूटर लैब और परीक्षा भवन भी स्थापित करेगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने आईवीआर तकनीक भी शुरू की है। अब उम्मीदवार टोल-फ्री नंबर 9520991172 या व्हाट्सएप नंबर 9520991174 के माध्यम से आवेदन की स्थिति, एडमिट कार्ड और परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।