रुद्रपुर में नमाज पढ़ रहे मजदूर से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जनपद के रुद्रपुर में खुले मैदान में नमाज पढ़ रहे एक मजदूर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर माहौल गरमा गया है।
देखें वीडियो:-
बताया जा रहा है कि रमजान के दौरान शाहिद नामक मजदूर खुले मैदान में नमाज अदा कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उसके साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है। आरोप यह भी है कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति ने कथित रूप से जबरन नारे लगवाने की कोशिश की।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि शिकायत और वीडियो की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट से बचें तथा शांति व्यवस्था बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।



