टनकपुर में हाथी का कहर: घास लेने गई महिला को सूंड से पटककर पैरों से कुचला, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
उत्तराखंड के टनकपुर क्षेत्र में गुरुवार को जंगली हाथी के हमले से सनसनी फैल गई। शारदा रेंज के सेना पानी मार्ग के पास जंगल में घास लेने गई 45 वर्षीय महिला की हाथी ने बेरहमी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नई बस्ती वार्ड नंबर-5 निवासी माधुरी देवी (45), पत्नी भूपराम, गुरुवार दोपहर बाद जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान जंगल में घूम रहे एक जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हाथी ने पहले महिला को अपनी सूंड में लपेटकर हवा में उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया।
इसके बाद वह कई बार महिला के ऊपर चढ़ गया और पैरों से रौंदता रहा। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में जंगल में पड़ा मिला।
घटना के बाद हाथी मौके से जंगल की गहराई में चला गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने महिला को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और समूह में ही घास या लकड़ी लेने जाएं। अधिकारियों का कहना है,
कि हाथी की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



