तांबाखानी सुरंग में अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों का हंगामा
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित तांबाखानी सुरंग में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार युवक सुरंग के भीतर से गुजर रहा था, तभी एक अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय सुरंग में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे अंदर अंधेरा था। स्थानीय लोगों ने इसे हादसे की एक बड़ी वजह बताते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और सुरंग में समुचित प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।
कोतवाली निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुरंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजन कोतवाली पहुंचे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने आश्वासन दिया है,
कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



