बिग ब्रेकिंग: रुड़की गंगनहर हादसा: IIT छात्र लापता, दो बार पानी बंद कर चला सर्च ऑपरेशन

रुड़की गंगनहर हादसा: IIT छात्र लापता, दो बार पानी बंद कर चला सर्च ऑपरेशन

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित गंगनहर में डूबे आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला का एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। छात्र की तलाश में प्रशासन ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रखा है।

लगभग 100 सदस्यीय टीम वाल्मीकि घाट से आसफनगर झाल तक चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ले रही है।

जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को बनारस (उत्तर प्रदेश) निवासी आशीष शुक्ला अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए गंगनहर किनारे वाल्मीकि घाट पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना के बाद से पुलिस, जल पुलिस, आपदा प्रबंधन, आर्मी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। अब तक दो बार गंगनहर का पानी बंद कराया जा चुका है ताकि तलाशी अभियान में तेजी लाई जा सके।

16 फरवरी को दोबारा पानी रोककर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप के जवानों समेत विशेषज्ञ गोताखोरों को उतारा गया। करीब 20 प्रोफेशनल गोताखोर भी विशेष रूप से बुलाए गए हैं।

इस बीच सर्च ऑपरेशन के दौरान गंगनहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार शव पुराना प्रतीत हो रहा है और उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शव लापता छात्र का है या नहीं।

छात्र के परिजन और सहपाठी लगातार मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक छात्र का पता नहीं चल जाता, सर्च अभियान जारी रहेगा।