बिग ब्रेकिंग: मसूरी में धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग, चारधाम मार्ग पूरी तरह बंद

मसूरी में धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग, चारधाम मार्ग पूरी तरह बंद

देहरादून। देहरादून जिले के मसूरी में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (NH-707A) का एक बड़ा हिस्सा वाल्मीकि मंदिर के पास धंस गया, जिससे मसूरी से कैंपटी, उत्तरकाशी और चारधाम को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

प्रारंभिक जांच में अवैध खुदाई से सड़क की नींव कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जब अचानक सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

चारधाम यात्रा और अकादमी मार्ग प्रभावित

यह मार्ग चारधाम यात्रा के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) और कैम्पटी फॉल जाने का मुख्य रास्ता है। मार्ग बंद होने से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल छोटे वाहनों के लिए मोतीलाल नेहरू मार्ग और बड़े वाहनों के लिए हाथीपांव रोड को वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क के पुनर्निर्माण में 20 से 25 दिन का समय लग सकता है।

बिना अनुमति के खुदाई का आरोप

खनन विभाग के अनुसार संबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की खनन अनुमति जारी नहीं की गई थी। इसके बावजूद जेसीबी मशीनों से पहाड़ काटने और सड़क के नीचे तक खुदाई किए जाने की बात सामने आई है।

मामले में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की भूमिका भी सवालों में है। जानकारी के मुताबिक जिस क्षेत्र में खुदाई हुई, वहां आवासीय नक्शा पास किया गया था, लेकिन जिस स्तर पर कटान हुआ उससे बड़े निर्माण की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट

नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा ने बताया कि खनन विभाग, एमडीडीए और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी महत्वपूर्ण सड़क को निजी स्वार्थ के लिए क्षतिग्रस्त किया जाना गंभीर मामला है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

एसडीएम राहुल आनंद ने स्पष्ट किया कि यदि नियमों के विरुद्ध कार्य पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में रोष

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों से अवैध खनन चल रहा था, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। अब राष्ट्रीय राजमार्ग के ध्वस्त होने के बाद जांच शुरू की गई है।

क्यों महत्वपूर्ण है यह मार्ग?

NH-707A मसूरी की लाइफलाइन माना जाता है। यही मार्ग गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों को जोड़ता है।

साथ ही यह देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के बड़े हिस्से के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। चारधाम यात्रा के दौरान इस मार्ग का बंद होना पर्यटन और स्थानीय व्यापार पर भी सीधा असर डाल सकता है।