लापरवाही पर सख्त एसपी, फायर सर्विस चालक निलंबित
चम्पावत। जनपद चम्पावत के अंतर्गत बसंत बल्लभ पुत्र सतीश चन्द के आवास में रविवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना पर लापरवाही बरतना फायर सर्विस चालक को भारी पड़ गया।
कार्य में लापरवाही करने पर एसपी ने फायर सर्विस चालक को निलंबित कर दिया है।
बता दें रविवार (1 फरवरी) को आग लगने की घटना की जानकारी फायर स्टेशन को मिली। घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित अग्निशमन कार्रवाई अपेक्षित थी,
लेकिन फायर स्टेशन चम्पावत में तैनात फायर सर्विस चालक के ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने के कारण अग्निशमन कार्य में अनावश्यक विलंब हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जनपद चम्पावत अजय गणपति ने संबंधित फायर सर्विस चालक चरन सिंह की लापरवाही को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिस एवं फायर सेवा कर्मी अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहें। पुलिस एवं फायर सेवा एक अनुशासित बल है, जहां किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता,
लापरवाही अथवा कर्तव्य में शिथिलता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



