राजनीति: दूषित पानी मौत मामले में इंदौर दौरे पर राहुल गांधी। CM यादव ने “लाशों पर राजनीति” करने का लगाया आरोप

दूषित पानी मौत मामले में इंदौर दौरे पर राहुल गांधी। CM यादव ने “लाशों पर राजनीति” करने का लगाया आरोप

इंदौर। इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों का मामला अब राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। दूषित पानी पीने से अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है।

इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इंदौर के दौरे पर हैं, जहां वे मृतकों के परिजनों और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात करेंगे।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी “लाशों पर राजनीति करने” इंदौर आ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास आपदाओं और मौतों पर राजनीति करने का रहा है, जो किसी भी तरह से शोभनीय नहीं है।

इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से मौतों के बाद कांग्रेस लगातार राज्य सरकार और नगर निगम को कटघरे में खड़ा कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ और यदि समय रहते ठोस कदम उठाए जाते तो कई जानें बचाई जा सकती थीं।

वहीं राज्य सरकार का कहना है कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में दूषित जल आपूर्ति बंद कर दी गई है, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की जा रही है और मामले की जांच के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया है। दूषित पानी से हुई मौतों के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है।

एक ओर कांग्रेस सरकार को जवाबदेह ठहरा रही है, तो दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस पर संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगा रही है। ऐसे में राहुल गांधी के इंदौर दौरे और उनके बयानों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।