D.D. पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
देहरादून। डी.डी.पी.एस. सेलाकुई में 26 एवं 27 दिसंबर 2025 को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ, जो खेल भावना, अनुशासन और एकता का प्रतीक रहा।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक खेलों, जुम्बा और योग गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों की ऊर्जा और उमंग देखते ही बन रही थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
द्वितीय दिवस वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए हाउस वाइज खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिता में अथर्ववेद हाउस, बैडमिंटन में ऋग्वेद हाउस तथा रिले रेस में सामवेद हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अथर्ववेद हाउस को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन में उप-प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग एवं विशेष रूप से पी.टी.आई. सत्यांशु के उत्कृष्ट प्रशिक्षण, योजना और समन्वय की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम का समापन खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में हुआ।


