बड़ा हादसा: नीति घाटी के मेहरगांव में भीषण आग, चार आवासीय मकान जलकर राख

नीति घाटी के मेहरगांव में भीषण आग, चार आवासीय मकान जलकर राख

चमोली जनपद की नीति घाटी के मेहरगांव कैलाशपुर में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से चार आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण शीतकालीन प्रवास के चलते जनपद के निचले इलाकों में रह रहे हैं, जबकि कुछ लोग ही गांव में मौजूद थे।

आग की सूचना मिलते ही मलारी स्थित चौकी से आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उस पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका।

ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी चंद्र शेखर वशिष्ठ ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई मकान खाली पड़े हैं और गांव में भालू द्वारा कुछ घरों को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना भी मिली थी, जिसे देखने के लिए कुछ लोग गांव पहुंचे थे। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और आईटीबीपी की टीम मौके पर तैनात है।

इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन चार परिवारों को भारी संपत्ति नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।