SGRR मेडिकल कॉलेज एटलिटिका–2025, MBBS 2021 बैच बना ओवरऑल चैंपियन
- बालिका वर्ग: 800 मीटर में निवेदिता घुघतियाल, 200 मीटर में प्राणवी शर्मा रहीं सिरमौर
- बालक वर्ग: 400 मीटर रिले में एमबीबीएस 2022 बैच का शानदार प्रदर्शन
- रस्साकशी: बालिका व बालक दोनों वर्गों में एमबीबीएस 2021 बैच अव्वल
देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एटलिटिका–2025 का शनिवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हो गया।
प्रतियोगिता में एमबीबीएस 2021 बैच के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के प्राचार्य डॉ. अशोक नायक, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मलिक तथा खेल आयोजन समिति के चेयरपर्सन डॉ. संजय साधु ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
तीसरे दिन के प्रमुख मुकाबले
एटलिटिका–2025 के अंतिम दिन बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में एमबीबीएस 2021 बैच की निवेदिता घुघतियाल ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में प्राणवी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग की 400 मीटर रिले दौड़ में एमबीबीएस 2022 बैच के लविश कटारिया, अभय सिंह रावत, सभ्य सांची और आदित्य पंत की टीम ने खिताबी जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग की 400 मीटर रिले में एमबीबीएस 2021 बैच की प्राणवी शर्मा, ईशा जोशी, निवेदिता घुघतियाल और अक्षिता चौहान की टीम विजेता रही।
रस्साकशी प्रतियोगिता में बालिका एवं बालक दोनों वर्गों में एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण: डॉ. अशोक नायक
समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अशोक नायक ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास और धैर्य जैसे गुणों का विकास करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में एक उपलब्धि है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एटलिटिका–2025 के को-चेयरपर्सन डॉ. तारिक मसूद, डॉ. पुनीत ओहरी, डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. हरमीत कौर, डॉ. शालू बाबा, डॉ. मनाली, डॉ. जसप्रीत सिंह, डॉ. वाणी शर्मा, डॉ. शाह आलम, डॉ. रणधीर सिंह, सत्य प्रकाश जोशी सहित श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, डीन एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।



