बिग ब्रेकिंग: कैंचीधाम के पास गोलीकांड। होटल कर्मचारी की मौत, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

कैंचीधाम के पास गोलीकांड। होटल कर्मचारी की मौत, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

नैनीताल। प्रसिद्ध कैंचीधाम आश्रम के समीप शुक्रवार देर रात एक निजी होटल में बैठकी के दौरान हुई गोलीबारी में होटल कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, होटल में कुछ लोग बैठे थे और आपस में एक लाइसेंसी हथियार को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान हथियार की खींचतान में अचानक गोली चल गई, जो बेतालघाट निवासी 36 वर्षीय टैक्सी चालक आनंद सिंह के गले में जा लगी।

गोली लगने से आनंद लहूलुहान होकर गिर पड़ा। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि जिस हथियार से गोली चली, वह रमेश किरौला के नाम पर लाइसेंसी है। मृतक आनंद सिंह रमेश किरौला के बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का कार्य करता था।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और नमूने लिए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने हथियार को बरामद कर लिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना से कैंचीधाम क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।