बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में फिर भारी बारिश का दौर शुरू, 9 जिलों में अलर्ट जारी

उत्तराखंड में फिर भारी बारिश का दौर शुरू, 9 जिलों में अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के नौ जिलों देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, बागेश्वर, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही बाकी जिलों में गर्जन के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

राज्य में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक बारिश का यही क्रम जारी रह सकता है।

नैनीताल और उत्तरकाशी में विशेष सतर्कता की अपील

नैनीताल जनपद के हल्द्वानी सहित कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं। गुरुवार को बारिश में थोड़ी राहत के बाद शुक्रवार को पुनः मूसलधार बारिश शुरू हो गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

उत्तरकाशी, जो कि ट्रेकिंग और साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, वहां भी मौसम खराब बना हुआ है। ट्रेकिंग गाइड्स और पर्यटन विभाग ने पर्यटकों से पहाड़ी रास्तों पर जाने से परहेज करने की सलाह दी है।

11 अगस्त तक येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को बारिश में और तेजी आने की चेतावनी दी है। इसके तहत ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बनी हुई है।

बदलता मौसम, बढ़ती मुश्किलें

गुरुवार को मौसम में थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन शुक्रवार को दोबारा सक्रिय हुए सिस्टम ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं तेज बौछारें, तो कहीं उमसभरी गर्मी का दौर बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।