बुलडोजर, जिला बदर और गिरफ्तारी समेत अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें, पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की कई बड़ी कार्रवाइयां चर्चा में रहीं। कहीं अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चला, तो कहीं स्टेडियम में शराब पार्टी करने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
वहीं नैनीताल में दो लोगों को जिला बदर किया गया, हरिद्वार में राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित हुआ और पॉक्सो मामले में दोषी को 20 साल की सजा सुनाई गई।
सबसे बड़ी कार्रवाई मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने की। प्राधिकरण ने गड़ूल-सूर्यधार, रानीपोखरी और बद्रीपुर-धर्मावाला क्षेत्र में करीब 200 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग और भू-विन्यास गतिविधियों को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के कॉलोनी विकसित करना, सड़क निर्माण, सीमांकन और प्लॉट बिक्री पूरी तरह नियम विरुद्ध है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उधर, रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हरियाणवी आर्टिस्ट क्रिकेट लीग के दौरान शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया।
वीडियो में कुछ लोग स्टेडियम परिसर में शराब पीते और हुड़दंग करते दिखाई दिए थे। खास बात यह है कि लीग का आयोजन “नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा” थीम पर किया जा रहा था, जिससे विवाद और बढ़ गया।
नैनीताल जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भी कड़ा कदम उठाया। डीएम ललित मोहन रयाल की अदालत ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए राजू सागर और पूरन सागर को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए।
प्रशासन ने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर आगे भी निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे पर अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर हुए खूनी विवाद ने क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया।
धारदार हथियार से हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय महिलाएं शराब ठेके के खिलाफ धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि तीन वर्षों से ठेका हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
देहरादून में चर्चित सुपारी किलिंग मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जांच में खुलासा हुआ कि बैंक कर्मचारी सत्यम की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश में एक महिला मित्र की भूमिका भी सामने आई है।
हरिद्वार में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने राजस्व उपनिरीक्षक अतुल रावत को निलंबित कर दिया।
आरोप है कि नामांतरण प्रकरण में तथ्यों को स्पष्ट किए बिना आख्या प्रस्तुत की गई थी। प्रशासन ने इसे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।
पथरी क्षेत्र में महिलाओं के साथ बीच सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में महिलाओं को सड़क पर गिराकर पीटते हुए कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
वहीं हरिद्वार में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने दोषी सूरज प्रकाश पोखरियाल को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 50 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है।
पुलिस की प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी के चलते आठ महीने के भीतर फैसला आने पर पीड़ित परिवार को राहत मिली है।
इसके अलावा खेलो टेक इंडिया से जुड़े विवाद में पुलिस और साइबर सेल ने एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जांच में सर्वर लॉग, ईमेल और अनुबंध दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला महज वित्तीय विवाद है या साइबर अपराध का भी मामला बनता है।


