क्राइम रिपोर्ट: बाजपुर में AE पर हमला, रामनगर में झांकी विवाद, सहसपुर में 13 मकान ध्वस्त। हल्द्वानी में दो मदरसे सील

बाजपुर में AE पर हमला, रामनगर में झांकी विवाद, सहसपुर में 13 मकान ध्वस्त। हल्द्वानी में दो मदरसे सील

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को अलग-अलग घटनाओं को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई, राजनीतिक विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले सुर्खियों में रहे। बाजपुर में बाढ़ और जलभराव के बीच लोक निर्माण विभाग के एई के साथ कथित मारपीट और उनके चेहरे पर कालिख पोतने का मामला सामने आया।

वहीं रामनगर में जन्माष्टमी पर लगाई गई कथित ‘लव जिहाद’ की झांकी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

दूसरी ओर सहसपुर में पुलिस-प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने 13 अवैध मकानों को ध्वस्त किया, जबकि हल्द्वानी में बिना पंजीकरण संचालित दो मदरसों को सील किया गया।

अल्मोड़ा में आबादी के बीच तेंदुए के हमले से एक महिला घायल हो गई, जबकि चंपावत में नदी के तेज बहाव में फंसे तीन ग्रामीणों को SDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला।

बाजपुर में AE से मारपीट और चेहरे पर कालिख

बाजपुर में बाढ़ और जलभराव की स्थिति के बीच लोक निर्माण विभाग के एई के साथ कथित मारपीट और उनके मुंह पर कालिख पोते जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे थे।

इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार समेत कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी के एई पर क्षेत्र में निर्माण और जलभराव से जुड़े कार्यों में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध किया। विवाद बढ़ने पर एई के साथ मारपीट और उनके चेहरे पर कालिख पोतने का आरोप है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने अधिकारियों को जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

बाजपुर कोतवाल नरेश चौहान के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी एई की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रामनगर में झांकी को लेकर भाजपा-पुलिस आमने-सामने

रामनगर में जन्माष्टमी के मौके पर लगाई गई कथित ‘लव जिहाद’ की झांकी को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। झांकी लगाने वाले भाजपा कार्यकर्ता राजू रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद देर रात बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए।

नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, किसान आयोग सदस्य संजय डोर्वी, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष भावना भट्ट और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री दिनेश मेहरा समेत कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रशासन के कहने पर झांकी करीब 15 मिनट में हटा दी गई थी। इसके बावजूद मुकदमा दर्ज किया जाना समझ से परे है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की जांच की मांग की।

हालांकि, मुकदमे में किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और शिकायत का आधार क्या है, इस पर पुलिस का विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

सहसपुर में 13 अवैध मकानों पर चला बुलडोजर

सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर और जस्सोवाला में पुलिस-प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने 13 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस के मुताबिक, ध्वस्त की गई संपत्तियों में 10 ऐसे लोगों के अवैध कब्जे शामिल थे, जिनके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, गोकशी, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।

कुछ आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन के मुताबिक सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हल्द्वानी में दो मदरसे सील

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन ने बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे दो मदरसों को सील कर दिया। इंदिरा नगर और गौजाजाली में हुई कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने की।

प्रशासन के अनुसार दोनों मदरसे बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित किए जा रहे थे। इससे पहले भी हल्द्वानी में दो मदरसों को सील किए जाने की कार्रवाई हो चुकी है।

अल्मोड़ा में महिला पर तेंदुए का हमला

अल्मोड़ा नगर के दुगालखोला क्षेत्र में दिनदहाड़े तेंदुए ने आंगन में काम कर रही महिला पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर तेंदुआ मौके से भाग गया।

हमले में बबीता वर्मा घायल हुईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। तेंदुए के भागने का वीडियो भी सामने आया है।

वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

चंपावत में नदी में फंसे तीन ग्रामीणों का रेस्क्यू

टनकपुर के छीनीगोठ क्षेत्र में पशुओं के लिए चारा लेने गए तीन ग्रामीण हुड्डी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण दूसरी ओर फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF टीम को मौके पर भेजा गया।

तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाकर तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

टिहरी में लापता व्यक्ति की तलाश जारी

वहीं टिहरी के तोता घाटी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश जारी है। पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं। रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।