सावधान: पांच कंपनियों का दूध जांच में फेल, मानकों से कम मिला फैट और SNF

पांच कंपनियों का दूध जांच में फेल, मानकों से कम मिला फैट और SNF

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पांच अलग-अलग कंपनियों के दूध के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।

जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर 5 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों के वितरकों से दूध के नमूने लिए थे। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया था।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट में परम स्टैंडर्ड मिल्क, मधुसूदन काऊ मिल्क, हेल्थवेज स्टैंडर्ड मिल्क, मदर डेयरी काऊ मिल्क और खुले गाय-भैंस के मिक्स दूध के नमूनों में मिल्क फैट और/या सॉलिड नॉट फैट (SNF) निर्धारित मानकों से कम पाया गया। विभाग ने इन नमूनों को सबस्टैंडर्ड यानी अधोमानक घोषित किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, परम स्टैंडर्ड मिल्क में निर्धारित न्यूनतम 4.5 प्रतिशत के मुकाबले मिल्क फैट 3.75 प्रतिशत मिला। मधुसूदन काऊ मिल्क में फैट 3.11 प्रतिशत और SNF 8 प्रतिशत पाया गया, जबकि निर्धारित मानक क्रमशः 3.2 और 8.3 प्रतिशत हैं।

इसी तरह हेल्थवेज स्टैंडर्ड मिल्क में फैट 4.27 प्रतिशत और SNF 7.21 प्रतिशत मिला, जबकि मानक 4.5 प्रतिशत फैट और 8.5 प्रतिशत SNF है।

खुले गाय एवं भैंस के मिक्स दूध के नमूने में फैट महज 2.96 प्रतिशत और SNF 6.59 प्रतिशत पाया गया।
वहीं मदर डेयरी काऊ मिल्क में मिल्क फैट 3.04 प्रतिशत मिला, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है।

मिलावट की जांच में नहीं मिले खतरनाक तत्व

राहत की बात यह रही कि प्रयोगशाला जांच में इन नमूनों में स्टार्च, यूरिया, नमक, न्यूट्रलाइजर, शुगर और कृत्रिम सिंथेटिक रंग की मिलावट नहीं पाई गई। हालांकि निर्धारित मानकों से कम फैट और SNF मिलने के कारण इन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधोमानक घोषित किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एएस रावत के अनुसार संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सजग रहने और संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी विभाग को देने की अपील की है।