उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 7 दिन तक बारिश और भारी वर्षा की चेतावनी जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर अभी कम होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त से 1 सितंबर तक का सात दिन का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
इस दौरान कहीं भारी बारिश तो कहीं गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्जना, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य जिलों में गर्जना और बिजली चमकने के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में तेज बारिश
गुरुवार 27 अगस्त को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से बहुत तेज दौर होने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
रक्षाबंधन पर भी बारिश की संभावना
28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
29 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
29 अगस्त को भी उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के साथ ऊधमसिंह नगर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। हरिद्वार जिले में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
30 और 31 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
अगस्त का आखिरी दौर भी बारिश के साथ गुजरने की संभावना है। 30 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 31 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है।
सितंबर की शुरुआत भी बारिश से
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। 1 सितंबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के लगातार दौर को देखते हुए खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। भूस्खलन और सड़क अवरोध की स्थिति भी परेशानी बढ़ा सकती है। बुधवार को ही प्रदेश में भूस्खलन और बोल्डर गिरने के कारण 72 से अधिक सड़कें प्रभावित होने की खबर सामने आई।


